पद्मश्री रामचेत चौधरी की मौजूदगी में गोरखपुर में शास्त्रीय संगीत महोत्सव, संस्कृति संरक्षण का लिया संकल्प गोरखपुर/नई दिल्ली, 8 अगस्त 2026 : ...
पद्मश्री रामचेत चौधरी की मौजूदगी में गोरखपुर में शास्त्रीय संगीत महोत्सव, संस्कृति संरक्षण का लिया संकल्प
गोरखपुर/नई दिल्ली, 8 अगस्त 2026 : योगी गंभीरनाथ प्रेक्षागृह, गोरखपुर में भारतीय शास्त्रीय संगीत और सनातन संस्कृति के संरक्षण को समर्पित भव्य संगीत महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री एवं सुप्रसिद्ध वैज्ञानिक रामचेत चौधरी रहे, जबकि गोरखपुर की पूर्व महापौर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों ने शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
गोरक्षनाथ सनातन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद कुमार त्रिपाठी ने आयोजन का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत केवल कला नहीं, बल्कि भारतीय दर्शन, संस्कार और सनातन संस्कृति की आत्मा है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना प्रत्येक भारतीय की जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजन को राष्ट्र निर्माण और सांस्कृतिक जागरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम दिल्ली की बेनू संस्था की अध्यक्ष पद्मजा चक्रवर्ती के संचालन में आयोजित हुआ, जबकि Matrix Freight System Pvt. Ltd., Delhi ने CSR के तहत सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में अर्घ्य चक्रवर्ती, पंडित रितेश मिश्रा, सुमित मिश्रा, पंडित विजय शंकर मिश्रा, सिद्धार्थ चक्रवर्ती, पंडित संतोष कुमार नाहर एवं राजकुमार नाहर सहित प्रसिद्ध कलाकारों ने प्रस्तुति दी। मंच का संचालन पलक श्रीवास्तव एवं पंडित विजय शंकर मिश्रा ने किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय पुरातन संस्कृति के संरक्षण एवं विकास का संकल्प दिलाया गया। अंत में बेनू संस्था के कार्यक्रम समन्वयक शिवशंकर पाण्डेय ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अतिथियों, कलाकारों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं प्रेक्षागृह कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं