कांवड़ सेवा को भारतीय संस्कृति की पहचान बताते हुए तरुण पोद्दार ने दिया सेवा का संदेश नोएडा में 14 अगस्त तक चलेगा विशाल कांवड़ सेवा शिविर, ...
कांवड़ सेवा को भारतीय संस्कृति की पहचान बताते हुए तरुण पोद्दार ने दिया सेवा का संदेश
नोएडा में 14 अगस्त तक चलेगा विशाल कांवड़ सेवा शिविर, श्रद्धालुओं को मिलेंगी भरपूर सुविधाएं
उद्यमियों की सामाजिक भागीदारी से मजबूत होगा राष्ट्र निर्माण : तरुण पोद्दार
नोएडा, 1 अगस्त 2026 : भोलेनाथ के पावन श्रावण मास के अवसर पर 12वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ शुक्रवार को नोएडा एक्सपो सेंटर, सेक्टर-62 के निकट भव्य समारोह के साथ किया गया। यह सेवा शिविर 1 अगस्त से 14 अगस्त तक संचालित होगा, जिसमें प्रतिदिन हजारों कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन, फलाहार, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सहायता, विश्राम, सुरक्षा सहित अनेक आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उद्घाटन समारोह में Foxhog Ventures Corp. (India) के CEO तरुण पोद्दार ने मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित व भोलेनाथ माता पार्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शिविर का शुभारंभ किया।
इस दौरान तरुण पोद्दार ने शिविर में मौजूद कांवड़ियों को फल व पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर वितरित किया । शिविर का आयोजन प्रमुख रूप से प्रदीप मिश्रा (पत्रकार) व सरोकार मीडिया ग्रुप के प्रबंध संपादक निशांत शर्मा द्वारा किया गया
जबकि सह-आयोजन में समाजसेवी रिंकू सिंह राठौड़, अभिषेक कुमार दुबे, जितेंद्र बैंसला, महेश पाल, सोनू कश्यप, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल नोएडा का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर बैंक मैनेजर अमरेंद्र शर्मा, समाजसेवी संजू गौतम समेत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, उद्योग जगत से जुड़े लोग, गणमान्य नागरिक और शिवभक्त उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि तरुण पोद्दार ने अपने संबोधन में कहा कि यह देखकर प्रसन्नता हुई कि इस आयोजन में केवल सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को ही नहीं, बल्कि उद्यमियों को भी सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि देश के विकास और समाज की उन्नति में प्रत्येक वर्ग की भूमिका महत्वपूर्ण है। केवल कार्यालयों में बैठकर राष्ट्र निर्माण नहीं किया जा सकता, बल्कि समाज के बीच जाकर सेवा कार्यों में सहभागी बनना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना मजबूत होती है तथा उद्यमियों को भी समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि व्यवसायी और उद्यमी में अंतर होता है। व्यवसायी व्यापार करता है, जबकि उद्यमी समाज की समस्याओं का समाधान खोजने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि समाज और देश की प्रगति में उद्यमियों का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहा है, भले ही उनका सहयोग अधिकांश समय पर्दे के पीछे रहता हो। आयोजन समिति ने उद्यमियों के योगदान को सम्मान देकर एक सकारात्मक संदेश दिया है।
तरुण पोद्दार ने कहा कि धर्म लोगों को जोड़ने का माध्यम है। हमें अपने धर्म का सम्मान और संरक्षण करना चाहिए, लेकिन धर्म के नाम पर किसी दूसरे को कष्ट नहीं पहुंचाना चाहिए। उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों और समाज के लोगों से प्रेम, भाईचारे और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि समाज को लंबी दूरी तक आगे ले जाना है तो सभी को साथ लेकर चलना होगा।
उन्होंने कांवड़ यात्रा को जीवन यात्रा की संज्ञा देते हुए कहा कि जब कोई श्रद्धालु यात्रा पर निकलता है तो उसे केवल अपना लक्ष्य दिखाई देता है, लेकिन रास्ते में मिलने वाली सेवा और सहयोग उसके लिए अमृत के समान होता है। एक गिलास पानी, भोजन या विश्राम की छोटी-सी व्यवस्था भी यात्रियों के मन में सेवा करने वालों के प्रति आभार और आशीर्वाद का भाव उत्पन्न करती है। यही निस्वार्थ सेवा भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है।
मुख्य अतिथि ने शिविर में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि भोजन, फलाहार, पेयजल, टेंट, बैठने और विश्राम की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की मौजूदगी
सहित सभी इंतजाम अत्यंत व्यवस्थित और सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि बिना किसी व्यक्तिगत लाभ की अपेक्षा के समाज सेवा में जुटे लोगों का यह प्रयास वास्तव में प्रेरणादायक है।
आयोजन समिति ने बताया कि 14 अगस्त तक संचालित होने वाले इस सेवा शिविर में प्रतिदिन हजारों कांवड़ यात्रियों को विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर का उद्देश्य शिवभक्तों की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाना है। समारोह के अंत में मुख्य अतिथि का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया तथा सभी अतिथियों ने शिविर की सफलता और कांवड़ यात्रियों की मंगलमय यात्रा की कामना की।
कोई टिप्पणी नहीं