Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

Independence Day Security: दिल्ली में 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर जारी, 'अभिज्ञान' ऐप से होगी सख्त निगरानी

दिल्ली पुलिस ने 15 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी खतरे को ध्यान में रखते हुए पूरी राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इ...


दिल्ली पुलिस ने 15 अगस्त को मनाए जाने वाले स्वतंत्रता दिवस पर आतंकी खतरे को ध्यान में रखते हुए पूरी राजधानी में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और भीड़भाड़ वाले बाजारों समेत सभी प्रमुख जगहों पर 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर लगाकर लोगों से इनसे जुड़ी कोई भी जानकारी नजदीकी पुलिसकर्मी या थाने में देने की अपील की है। हर साल 15 अगस्त और 26 जनवरी के समय वॉन्टेड अपराधियों की फोटो सार्वजनिक की जाती है।

इन संदिग्ध आतंकी के पोस्टरों में 'बब्बर खालसा इंटरनेशनल' (BKI) से जुड़े वधावा सिंह बब्बर, पुरुषोत्तम सिंह पम्मा, हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा के अलावा गुरमीत सिंह बग्गा, भूपेंदर सिंह भिंडा, 'खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स' (KZF) के रंजीत सिंह उर्फ नीता, अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला और परमजीत सिंह पम्मा जैसे कई खूंखार आतंकियों के नाम शामिल हैं।

📸 फेशियल रिकग्निशन से संदिग्धों पर रखी जाएगी नजर

बता दें कि, स्वतंत्रता दिवस समारोह के मद्देनजर लाल किले और आसपास के इलाकों में कई लेयर के चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस भीड़ में संदिग्ध और वॉन्टेड लोगों की पहचान करने के लिए 'अभिज्ञान' ऐप और 'फेशियल रिकग्निशन सिस्टम' (FRS) जैसी उन्नत तकनीक का इस्तेमाल करेगी। अधिकारियों ने बताया कि खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा 15 अगस्त के समारोह के लिए दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के लगभग 15,000 से 20,000 जवानों को तैनात किए जाने की तैयारी है। अधिकारियों ने बताया कि लाल किले पर होने वाले इस कार्यक्रम में विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट व्यक्तियों समेत करीब 25,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है।

📱 'अभिज्ञान' ऐप का बड़े पैमाने पर होगा इस्तेमाल

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के बेहतर इंतजामों के तहत पहली बार भीड़ में लोगों की जांच के लिए 'अभिज्ञान' ऐप का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस ऐप में 1 करोड़ से अधिक अपराधियों का डेटाबेस है और पुलिसकर्मी रैंडम ढंग से चुने गए लोगों का फिंगरप्रिंट लेने के लिए विशेष उपकरण का इस्तेमाल कर रहे हैं। फिंगरप्रिंट को कुछ ही सेकेंड में डेटाबेस से मिलाया जाता है, ऐसे में लाल संकेत का मतलब होता है कि व्यक्ति का आपराधिक रिकॉर्ड है और उसकी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देती है, जबकि हरे संकेत का मतलब है कि कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

📹 1,000 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए

अधिकारियों ने यह भी बताया कि लाल किले और उसके आस-पास के इलाकों की निगरानी के लिए लगभग 1,000 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें फेशियल रिकग्निशन सिस्टम वाले कैमरे भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि स्मारक के अंदर एक हाई-टेक सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जहां से पुलिसकर्मी और तकनीकी दल चौबीसों घंटे इलाके पर नजर रख रहे हैं।

🛡️ 'एंटी-ड्रोन सिस्टम' भी तैनात

अधिकारियों ने बताया कि इस निगरानी नेटवर्क का इस्तेमाल लाल किले के बाहर कई किलोमीटर के इलाके पर नजर रखने के लिए भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऊंचे मंचों समेत अहम जगहों पर स्नाइपर तैनात किए जाएंगे और किसी भी अनधिकृत हवाई गतिविधि को रोकने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम भी लगाए गए हैं। उत्तरी जिला कंप्यूटर प्रकोष्ठ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस का जश्न सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए गृह मंत्रालय की 'स्मार्ट पुलिसिंग' पहल के तहत ये इंतजाम किए जा रहे हैं। इस साल लाल किले पर कार्यक्रम का विषय 'वंदे मातरम' है। सुरक्षा कारणों से 15 अगस्त को स्मारक के आस-पास पतंग उड़ाने पर रोक लगा दी गई है।







 

कोई टिप्पणी नहीं