भरथना स्टेशन पर बंद ट्रेनों के ठहराव की मांग, रेलमंत्री को भेजा ज्ञापन भरथना/इटावा, 8 अगस्त 2026 : कोरोना महामारी के बाद भरथना रेलवे स्टे...
भरथना स्टेशन पर बंद ट्रेनों के ठहराव की मांग, रेलमंत्री को भेजा ज्ञापन
भरथना/इटावा, 8 अगस्त 2026 : कोरोना महामारी के बाद भरथना रेलवे स्टेशन पर बंद किए गए प्रमुख ट्रेनों के ठहराव को दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के नाम संबोधित ज्ञापन स्टेशन मास्टर रमन दीप को सौंपा। ज्ञापन में पहले से ठहरने वाली चार ट्रेनों का ठहराव बहाल करने के साथ तीन अन्य ट्रेनों को छह माह के लिए प्रायोगिक आधार पर भरथना स्टेशन पर रोकने की मांग की गई।
ज्ञापन में 18101/18102 टाटानगर-जम्मूतवी मूरी एक्सप्रेस, 14113/14114 सुबेदारगंज-देहरादून लिंक एक्सप्रेस, 15483/15484 पुरानी दिल्ली-अलीपुरद्वार महानंदा एक्सप्रेस तथा 14163/14164 सुबेदारगंज-मेरठ सिटी संगम एक्सप्रेस के ठहराव पुनः शुरू करने की मांग की गई। लोगों का कहना है कि इन ट्रेनों का ठहराव बंद होने से क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
इसके अलावा 13051/13052 हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस, 20433/20434 जम्मू मेल तथा 12403/12404 प्रयागराज-लालगढ़ एक्सप्रेस का नया ठहराव देने की मांग की गई। लोगों ने सुझाव दिया कि छह माह के प्रायोगिक ठहराव के दौरान यात्री संख्या एवं राजस्व का आकलन कर इसे नियमित किया जा सकता है। ज्ञापन देने वालों में देवाशीष चौहान, गौरव सिंधी, रिषभ, दीपक, भावेश कुमार, प्रतीद दुबे, शिवांग त्रिपाठी, शशांक त्रिपाठी समेत दो दर्जन से अधिक लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं