Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा पर सीएम योगी के सख्त निर्देश, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

  कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर अंकुश लगाने और आम जनता को जागरूक करने के लिए नोएडा पुलिस सोशल मी...

 


कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने, सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर अंकुश लगाने और आम जनता को जागरूक करने के लिए नोएडा पुलिस सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और यूट्यूबर्स का सहयोग लेगी। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने गौतमबुद्धनगर जिले में रहने वाले प्रमुख इंफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ एक अहम बैठक आयोजित की।

इस बैठक में आईपीएस राहुल श्रीवास्तव, डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल, एडीसीपी मुख्यालय सुधीर कुमार तथा लोकप्रिय यूट्यूबर मृदुल तिवारी, नितिन और पवन यादव सहित कई कंटेंट क्रिएटर्स शामिल हुए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अक्सर सोशल मीडिया पर बिना तथ्यों की पुष्टि किए भ्रामक सूचनाएं या पुरानी घटनाओं के वीडियो शेयर कर दिए जाते हैं, जिससे अफवाह फैलती है और कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है। ऐसे मामलों में दंडात्मक कार्रवाई के साथ-साथ अब प्रामाणिक जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए इंफ्लुएंसर्स का सहारा लिया जाएगा। इसके तहत इंफ्लुएंसर्स साइबर ठगी से बचाव, डायल-112, महिला सुरक्षा, महिला हेल्पलाइन, सरकारी योजनाओं और पुलिस सेवाओं से जुड़ी जानकारी अपने यूट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक और एक्स (X) प्लेटफॉर्म्स पर शेयर करेंगे।

🚜 जीटी रोड से हटाया गया अवैध अतिक्रमण, दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी

कांवड़ यात्रा को बाधा रहित बनाने के लिए कांवड़ मार्गों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेजी से शुरू कर दी गई है।

एनएचएआई (NHAI) की टीम ने बादलपुर कोतवाली पुलिस के साथ मिलकर जीटी रोड पर चलाए गए अभियान के तहत अवैध निर्माण और अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

🚌 कांवड़ियों के लिए नोएडा डिपो से हरिद्वार बस सेवा शुरू, श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ते ही बढ़ेंगी बसें

नोएडा के मोरना स्थित बस डिपो से कांवड़ियों के हरिद्वार जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। हालांकि, वर्तमान में भीड़ सामान्य होने के कारण पूर्व निर्धारित संख्या में ही बसें चलाई जा रही हैं।

नोएडा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (ARM) रोहताश कुमार ने बताया कि डिपो में शिवभक्तों का आगमन शुरू हो गया है। फिलहाल हरिद्वार के लिए 5 बसें संचालित की जा रही हैं और श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होते ही बसों की संख्या बढ़ा दी जाएगी।

🚨 'श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता': CM योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर अधिकारियों को सतर्क करते हुए कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और जनसुविधाओं की ऐसी पुख्ता व्यवस्था हो, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि सौहार्द बिगाड़ने, अफवाह फैलाने, खाद्य सामग्री में मिलावट या अराजकता पैदा करने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।

🎥 सोशल मीडिया, ड्रोन और CCTV से 24 घंटे होगी निगरानी, फेक न्यूज फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सीएम योगी ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने का निर्देश देते हुए कहा कि फर्जी समाचार और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए। यात्रा मार्गों पर ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी (CCTV) और निरंतर पुलिस गश्त के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाए।

उन्होंने मेरठ जोन की तैयारियों और कार्ययोजना को पूरे प्रदेश के अन्य पुलिस जोनों के साथ साझा करने के निर्देश दिए ताकि पूरे राज्य में एक समान सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा सके। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कांवड़ संघों के साथ सतत संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।







कोई टिप्पणी नहीं