नई दिल्ली, 27 जुलाई 2026 : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार को सिविक सेंटर स्थित निगम मु...
नई दिल्ली, 27 जुलाई 2026 : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार को सिविक सेंटर स्थित निगम मुख्यालय में हुए चुनाव में भाजपा पार्षद सत्या शर्मा लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुईं। वहीं सत्यपाल सिंह को समिति का उपाध्यक्ष चुना गया। चुनाव के बाद सत्या शर्मा ने अपने नए कार्यकाल के लिए स्वच्छ दिल्ली, स्वस्थ दिल्ली, शिक्षित दिल्ली, सुशासन और सशक्त निगम के पांच प्रमुख संकल्पों की घोषणा की।
वार्ड-226 (गौतमपुरी) से पार्षद सत्या शर्मा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि स्थायी समिति में पक्ष और विपक्ष दोनों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा तथा लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नए कार्यकाल में राजधानी की सफाई व्यवस्था को और मजबूत बनाने, निगम अस्पतालों एवं डिस्पेंसरियों की सेवाओं में सुधार, निगम स्कूलों में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन तथा निगम को आर्थिक और प्रशासनिक रूप से अधिक सशक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही पूर्व में घोषित विकास योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
सत्या शर्मा ने दावा किया कि केंद्र, दिल्ली सरकार और एमसीडी के समन्वित प्रयासों से राजधानी में स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, पार्कों के विकास, सड़कों के रखरखाव तथा नागरिक सुविधाओं में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, सभी दलों के पार्षदों और दिल्लीवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से एमसीडी को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनसेवा के प्रति समर्पित संस्था बनाया जाएगा।

.jpeg)

कोई टिप्पणी नहीं