भरथना/इटावा, 28 जुलाई 2026 : कस्बे के जवाहर रोड स्थित एसएवी इंटर कॉलेज के सामने सोमवार सुबह एक चाय की दुकान में रखे दो गैस सिलेंडरों में ते...
भरथना/इटावा, 28 जुलाई 2026 : कस्बे के जवाहर रोड स्थित एसएवी इंटर कॉलेज के सामने सोमवार सुबह एक चाय की दुकान में रखे दो गैस सिलेंडरों में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। विस्फोट के बाद दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे पूरी दुकान और उसमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार, चाय विक्रेता शिवराम सुबह अपनी दुकान पर चाय बना रहे थे, तभी अचानक गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो गया। आग ने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकानदार के अनुसार, हादसे में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलते ही तहसीलदार दिलीप कुमार, क्षेत्राधिकारी आर.डी. मौर्य, थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी तनमय चौधरी तथा दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाकर आग पर काबू पाया। जांच के दौरान अंदर रखे दोनों गैस सिलेंडर पूरी तरह फटे मिले।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
.jpeg)

कोई टिप्पणी नहीं