जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय से चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के प्रति जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है। एक तरफ जहां विपक्...
जंतर-मंतर पर एक महीने से अधिक समय से चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के प्रति जनता का समर्थन लगातार बढ़ रहा है। एक तरफ जहां विपक्षी दलों के नेता और बॉलीवुड हस्तियां मंच पर पहुंचकर अपना समर्थन दर्ज करा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ 18 जुलाई के बाद से प्रदर्शनस्थल पर भारी भीड़ जुटने लगी है। जो लोग खुद दिल्ली नहीं पहुंच पा रहे हैं, वे घर बैठे ही प्रदर्शनकारियों के लिए खाना, पानी और जरूरत का अन्य सामान भेजकर मदद कर रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों में जंतर-मंतर पर एक नया और अनोखा ट्रेंड देखने को मिला है। फूड डिलीवरी ऐप्स जैसे 'स्विगी' (Swiggy) और 'जोमैटो' (Zomato) के माध्यम से लोग प्रदर्शनकारियों के लिए सुबह का नाश्ता और दिन-रात का खाना ऑर्डर कर रहे हैं।
📦 मुंबई, पटना से लेकर हैदराबाद तक: हर शहर से बुक हो रहा नाश्ता और पानी
ऑनलाइन खाना भेजने का सिलसिला देश के हर हिस्से से देखने को मिल रहा है। कोई मुंबई से खाना बुक कर रहा है तो कोई सूरत, पटना या हैदराबाद से। लोग अपनी क्षमतानुसार एक व्यक्ति से लेकर 10-20 लोगों का पेट भरने लायक भोजन और 100-200 पानी की बोतलें बुक कर रहे हैं।
जंतर-मंतर पर एक ही समय में दर्जनों डिलीवरी बॉय खाना लेकर पहुंचते हैं। ऑर्डर बुक करने वाले डिलीवरी एड्रेस में 'जंतर-मंतर' लिखते हैं और वहां पहुंचने पर डिलीवरी एजेंट से कह दिया जाता है कि जो भी भूखा हो, उसे यह खाना दे दिया जाए। जंतर-मंतर पर भोजन की इतनी अधिक मात्रा पहुंचने लगी कि आखिरकार CJP को अपने एक्स (X) हैंडल पर अपील करनी पड़ी कि लोग अब और अधिक खाना न भेजें, ताकि भोजन व्यर्थ न हो।
✈️ विदेशों से भी आ रहे ऑर्डर्स: कतर, दुबई और बांग्लादेश से भेजा जा रहा भोजन
प्रदर्शनकारियों की मदद का यह सिलसिला केवल भारत तक ही सीमित नहीं है, बल्कि विदेशों से भी ऑनलाइन ऑर्डर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो वायरल हुए हैं जिनमें डिलीवरी बॉयज से पूछने पर वे बांग्लादेश, दुबई और कतर जैसे देशों से ऑर्डर आने की बात कह रहे हैं।
न्यूज़ एजेंसी 'आईएएनएस' (IANS) से बातचीत में एक डिलीवरी बॉय ने बताया, "हमें फोन पर कहा गया था कि जंतर-मंतर पर किसी भी स्टूडेंट या प्रदर्शनकारी को यह खाना दे देना जिसे भूख लगी हो। यह ऑर्डर कतर से आया है। हमारे पास मुंबई, कोलकाता और कई अन्य शहरों से लगातार ऐसे ऑर्डर्स आ रहे हैं।"
वहीं एक प्रदर्शनकारी ने बताया, "कल दुबई से किसी समर्थक ने 8 बार में कुल 2,000 खाने के पार्सल भेजे थे।" सोशल मीडिया पर वायरल एक अन्य वीडियो में यूट्यूबर को रात 11 बजे डिलीवरी एजेंट्स की भीड़ दिखाते हुए सुना जा सकता है, जहां एक एजेंट बताता है कि उसके पास आया खाने का पैकेट बांग्लादेश से ऑर्डर किया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विदेश से खाना भेजने वाले वहां रह रहे भारतीय हैं या स्थानीय नागरिक।

कोई टिप्पणी नहीं