भरथना/इटावा, 25 जुलाई 2026 : कोतवाली परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान एक संवेदनशील और मानवीय पहल देखने को मिली। ट्राईसा...
भरथना/इटावा, 25 जुलाई 2026 : कोतवाली परिसर में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान एक संवेदनशील और मानवीय पहल देखने को मिली। ट्राईसाइकिल से अपनी फरियाद लेकर पहुंची एक दिव्यांग महिला ने प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह से मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने और नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।
महिला की समस्या सुनते ही प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह अपनी कुर्सी से उठकर स्वयं उसके पास पहुंचे और पूरी बात गंभीरता से सुनी। इसके बाद उन्होंने तत्काल एक पुलिसकर्मी के साथ वाहन से महिला को जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था कराई, ताकि उसका मेडिकल प्रमाणपत्र बन सके। साथ ही नई ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। प्रभारी निरीक्षक की संवेदनशील कार्यशैली और त्वरित सहायता की पहल की समाधान दिवस में मौजूद लोगों ने सराहना की।
थाना समाधान दिवस में कुल आठ शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अन्य शिकायतों में असफपुर निवासी देवेंद्र सिंह ने खेत से कब्जा हटवाने, टड़ा गांव के राहुल ने चकरोड खुलवाने, मोतीगंज निवासी प्रशांत अवस्थी ने मारपीट एवं जान से मारने की धमकी दिए जाने तथा गांधी नगर निवासी राजेंद्र ने आवासीय प्लाट से कब्जा हटवाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं नगला छोला निवासी कुमकुम, पत्नी स्वर्गीय दिनेश कुमार ने खेत पर कब्जा किए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र दिया। समाधान दिवस के दौरान एसआई इंदु हसन सहित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं