Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

दिल्ली: संसद मार्च के चलते हाई अलर्ट, सुरक्षा और ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

    संसद के मॉनसून सत्र और कॉक्रोच जनता पार्टी की ओर से सोमवार को प्रस्तावित संसद भवन मार्च के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने तैयारी कर ली है। इसक...

 


 संसद के मॉनसून सत्र और कॉक्रोच जनता पार्टी की ओर से सोमवार को प्रस्तावित संसद भवन मार्च के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने तैयारी कर ली है। इसके तहत जंतर-मंतर और संसद भवन के चारों तरफ के इलाके को सुरक्षा के हिसाब से 16 जोन में बांटा गया है जिसमें छह हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी एवं अर्ध सैनिक बलों के जवान तैनात रहेंगे।

नई दिल्ली में धारा 163 लागू

नई दिल्ली जिले में बीएनएसए की धारा 163 को लागू कर दिया गया है। इसके तहत प्रदर्शन, रैली और मार्च प्रतिबंधित है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार, नई दिल्ली जिला डीसीपी सचिन शर्मा ने रविवार को पुलिस मुख्यालय में बैठक की। बैठक में कहा गया कि किसी भी हालत में किसी प्रदर्शनकारियों को जंतर मंतर से टालस्टाय मार्ग स्थित बैरिकेड को पार कर संसद भवन जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। प्रत्येक जोन का नेतृत्व डीसीपी रैंक के अधिकारी को सौंपा गया है।

संसद के दोनों रास्तों पर 6 स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था

एक अधिकारी ने बताया कि जंतर मंतर से संसद भवन करीब 14 सौ मीटर पर है और यहां जाने के दो रास्ते हैं। पुलिस बल दोनों रास्तों पर छह स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का घेरा बनाएगा। हर घेरे के पहले दो स्तर पर लोहे की बैरिकेडिंग होगी। इसके अलावा संसद भवन के चारों तरफ भी इसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

आज संभलकर निकलें, जाम के आसार

संसद का मॉनसून सत्र सोमवार से शुरू होगा। इसे देखते हुए संसद भवन के आसपास मार्गों पर प्रतिबंध लागू रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर संसद भवन के पास के रास्तों से बचने की सलाह दी है।

इन जगहों पर यातायात प्रभावित

ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि वाहन चालकों को रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आजाद रोड, के कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोक रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाबगंज गुरुद्वारा रोड का रुख करने से बचना चाहिए। इसके साथ ही विजय चौक, पटेल चौक गोलचक्कर, बोट क्लब, बूटा सिंह गोलचक्कर, रेल भवन गोलचक्कर, प्राइम चौक गोलचक्कर, सुनहरी मस्जिद गोलचक्कर, जीआरजी गोलचक्कर और जलेबी चौक पर यातायात प्रभावित रहने की आशंका जताई गई है।

इन जगहों से निकलें

वाहन चालक जनपथ, विनय मार्ग, मान सिंह रोड, आउटर सर्कल कनॉट प्लेस, अकबर रोड, बाबा खड़क सिंह मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, आरएमएलग गोलचक्कर, शांति पथ, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, मौलाना अबुल कलाम आजाद रोड, 11 मूर्ति, कमाल अतातुर्क मार्ग का प्रयोग करें।

मेट्रो स्टेशन पर विशेष नजर

नई दिल्ली जिले में स्थित मेट्रो स्टेशन पर पुलिस की विशेष नजर है। इसमें राजीव चौक, बाराखंभा रोड, पटेल चौक, सेवा तीर्थ और लोक कल्याण मार्ग प्रमुख हैं। पुलिस इन मेट्रो स्टेशन से निकलने वाले लोगों की रिपोर्ट बनाएगी। जरूरत पड़ी तो इन्हें बंद कराया जाएगा।

प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर डटे, नारेबाजी भी की

परीक्षाओं में कथित अनियमितता के विरोध में जंतर मंतर पर कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन जारी है। सीजेपी के सोमवार को संसद मार्च के आह्वान के मद्देनजर रविवार को युवा सुबह से प्रदर्शन स्थल पर जुटने लगे थे। लोगों में शनिवार को वांगचुक को अस्पताल में जबरन भर्ती कराए जाने के खिलाफ गुस्सा नजर आया। गर्मी व उमस के बावजूद देर शाम तक लोगों का आना जारी रहा। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए अधिकतर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे रात को यहीं रुककर सोमवार को संसद तक होने वाले मार्च में शामिल होंगे।

सफदरजंग अस्पताल में वांगचुक का उपवास जारी

सफदरजंग अस्पताल में वांगचुक का इलाज जरूर किया जा रहा है, लेकिन उन्होंने उपवास जारी रखा है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि सोनम वांगचुक का ब्लड प्रेशर, पल्स और ऑक्सीजन सेचुरेशन सामान्य है। ब्लड में इलेक्ट्रोलाइट्स कुछ असामान्य है। उनका आवश्यक इलाज चल रहा है।








कोई टिप्पणी नहीं