ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना में कई जगह जमीन की अड़चन आ रही है। इसके चलते इस परियोजना के काम में देरी हो सकती है। पहले चरण में मिलेनियम ...
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना में कई जगह जमीन की अड़चन आ रही है। इसके चलते इस परियोजना के काम में देरी हो सकती है। पहले चरण में मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर सेक्टर-नौ तक मेट्रो निर्माण का काम चल रहा है। जीएमआरएल ने एचएसवीपी, एनएचएआई और जीएमडीए से जमीन संबंधी अड़चनों को दूर करने का आग्रह किया है।
जीएमआरएल को मेट्रो संचालन के लिए गांव डूंडाहेड़ा में बिजली घर का निर्माण करना है। इसके लिए उन्हें करीब तीन हजार वर्ग मीटर जमीन की जरूरत है। जीएमआरएल की तरफ से पिछले साल नवंबर माह से जमीन उपलब्ध करवाने का आग्रह हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से किया जा रहा है, लेकिन अब तक जमीन नहीं मिल सकी है। जमीन मिलने में देरी के कारण बिजली घर निर्धारित समयावधि में नहीं बन पाएगा, जिससे मेट्रो परियोजना के संचालन में देरी होगी।
इस तरह हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक के बीच में जीएमआरएल को सेक्टर-37 में प्रस्तावित मेट्रो के प्रवेश और निकासी द्वार के निर्माण के लिए 416 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत है। यह जमीन जाट कल्याण सभा के नाम पर है। एचएसवीपी से जमीन उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है, लेकिन अभी यह उपलब्ध नहीं करवाई जा सकी है।
दूसरे चरण में जमीन मांगी
जीएमआरएल की तरफ से ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के दूसरे चरण सेक्टर-नौ से लेकर डीएलएफ साइबर सिटी तक प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन के लिए करीब 14 हजार वर्ग मीटर जमीन देने का आग्रह किया है। यह जमीन सेक्टर-चार, सेक्टर-पांच, अशोक विहार, सेक्टर-तीन, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर-23ए, सेक्टर-22 और उद्योग विहार में मेट्रो स्टेशन के निर्माण के लिए मांगी गई है।
राकेश सैनी, संपदा अधिकारी एक, एचएसवीपी, ''ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो परियोजना के लिए जीएमआरएल को जल्द जमीन उपलब्ध करवाई जाएगी। मुख्यालय से इस सिलसिले में दिशा-निर्देश मांगे हैं। उनके आते ही जमीन दे दी जाएगी।''
मेट्रो निर्माण में आ रहे बिजली केबल शिफ्ट होंगे
ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के निर्माण में हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक के बीच में आ रही बिजली केबल को दिसंबर माह तक शिफ्ट कर दिया जाएगा। ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के पहले चरण के तहत मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से लेकर सुभाष चौक, हीरो होंडा चौक, उमंग भारद्वाज चौक होते हुए बसई चौक तक मेट्रो का निर्माण होना है। मिलेनियम सिटी सेंटर से लेकर बख्तावर चौक तक मेट्रो का निर्माण तेज गति से चल रहा है। हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक मेट्रो के निर्माण में दिक्कत आ रही थी। मेट्रो के इस हिस्से में बिजली तारों के अलावा बिजली घर, सीएनजी स्टेशन और बीकानेर मिष्ठान भंडार अड़चन बना हुआ था।
बीकानेर मिष्ठान भंडार हट चुका
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर बीकानेर मिष्ठान भंडार हट चुका है। हरियाणा सिटी गैस ने सीएनजी स्टेशन को लेकर स्टे लिया हुआ है, जिसकी अगली सुनवाई अगस्त माह में है। 13 जगह पर बिजली की हाईटेंशन लाइन मेट्रो के निर्माण की अड़चन बनी हुई है। जीएमआरएल ने इस मामले को एनएचएआई अधिकारियों के समक्ष रखा था। उनसे आग्रह किया था कि बिजली केबल को मार्च माह तक स्थानांतरित हो जाना चाहिए था, लेकिन अब तक यह कार्य नहीं होने से दिक्कत आ रही है। इस वजह से मेट्रो परियोजना में देरी हो सकती है। हालांकि एनएचएआई की तरफ से आश्वासन दिया कि दिसंबर माह तक सभी अड़चनों को दूर कर दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं