भरथना/इटावा, 18 जुलाई 2026 : तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) विपिन कुमार ने फरियादियों की शिकायते...
भरथना/इटावा, 18 जुलाई 2026 : तहसील सभागार में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (एडीएम) विपिन कुमार ने फरियादियों की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समयावधि में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस के दौरान इंद्रोसी गांव निवासी विनोद कुमार ने निजी भूमि से कब्जा हटवाने, इकारपुर निवासी दाताराम ने पट्टा भूमि का अभिलेखों में दर्ज कराने, नगला गुदे निवासी यदुवीर ने कंधेसी मौजा में खरीदी गई भूमि के नामांतरण, कलां निवासी दौलतराम ने पेवली से अछल्दा मार्ग के चकरोड को खुलवाने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ती सुशीला देवी ने नगला भारा में आंगनबाड़ी केंद्र खुलवाने तथा पृथ्वीरामपुर निवासी रामकृष्ण ने चकरोड खुलवाने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपे। इसके अलावा भी विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी काव्या सी, तहसीलदार दिलीप कुमार, खंड विकास अधिकारी विजय शंकर प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं