कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए दिल्ली के दो पूर्व मंत्रियों व वर्तमान में विधायकों का सरकार में कद बढ़ गया है। दिल्ली सरकार ने गांधी नगर से ...
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए दिल्ली के दो पूर्व मंत्रियों व वर्तमान में विधायकों का सरकार में कद बढ़ गया है। दिल्ली सरकार ने गांधी नगर से विधायक अरविंदर सिंह लवली को यमुनापार विकास बोर्ड और मंगोलपुरी से विधायक राजकुमार चौहान को ग्रामीण विकास बोर्ड का चेयरमैन बनाने का फैसला किया है। दोनों को कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी मिलेगा।
बताते चलें कि दोनों ही नेता दिल्ली में शीला दीक्षित की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुके हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले दोनों भाजपा में शामिल हो गए थे। अरविंदर सिंह लवली पूर्वी दिल्ली के जमीन से जुड़े नेता हैं और शीला सरकार में परिवहन, शिक्षा जैसे मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। भाजपा सरकार ने उनके अनुभवों का फायदा उठाने के लिए यमुनापार में विकास कार्यों के लिए गठित यमुना विकास बोर्ड की जिम्मेदारी लवली को दी है।
राजकुमार चौहान भी कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे हैं, लेकिन तीन बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव हारने के बाद 2025 विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा के साथ आ गए थे। अब भाजपा ने उन पर अपना भरोसा बढ़ाते हुए उन्हें ग्रामीण विकास बोर्ड के चेयरमैन की जिम्मेदारी दी है, जिसके पास बाहरी दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को पूरा करने की जिम्मेदारी है। सरकार का मानना है कि दोनों नेताओं का अनुभव सरकार के काम आएगा। दिल्ली के दोनों ही हिस्से में विकास की गति रफ्तार पकड़ेगी।
जल्द जारी होंगे नोटिफिकेशन
भाषा के मुताबिक, आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में निर्णय दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा विधायकों की बैठक में लिया गया। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली सरकार की हाल में हुई कैबिनेट बैठक में इन नियुक्तियों पर निर्णय लिया गया और आवश्यक नोटिफिकेशन जल्द ही जारी होने की संभावना है।
मंगोलपुरी सीट से भाजपा विधायक राजकुमार चौहान ने कहा, ‘‘मुझे यह जिम्मेदारी दी गई है, इसके लिए मैं आभारी हूं और मुख्यमंत्री ने मुझ पर जो विश्वास दिखाया है, उस पर खरा उतरने के लिए कड़ी मेहनत करूंगा।’’
ट्रांस यमुना विकास बोर्ड का अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर लवली की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं हो सकी। इस साल फरवरी में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें गांधी नगर सीट से मैदान में उतारा था।
ليست هناك تعليقات