Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

मेट्रो अस्पताल से कैशलेस इलाज के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, दिल्ली से नौवीं पास आरोपी गिरफ्तार

  नोएडा के मेट्रो अस्पताल के साथ कैशलेस इलाज के नाम पर पर हुई नौ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने शुक्रवार को...

 


नोएडा के मेट्रो अस्पताल के साथ कैशलेस इलाज के नाम पर पर हुई नौ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने शुक्रवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली से दबोचा गया आरोपी महज नौंवी पास है और उसके खाते में बीते दो सालों में 81 करोड़ रुपये से अधिक का ट्रांजेक्शन हुआ है। पुलिस इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। एक अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहा है।

जांच में सामने आया है कि दिल्ली नगर निगम के कुछ कर्मचारी भी इस फर्जीवाड़े में शामिल हैं। एडिशनल डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि मेट्रो ग्रुप अस्पताल की कैंसर यूनिट में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कर्मचारियों का कैशलेस इलाज किया जाता है। इसके लिए नगर निगम और अस्पताल के बीच कॉन्ट्रैक्ट हुआ था। इलाज के बाद प्रक्रिया के मुताबिक, दिल्ली नगर निगम अस्पताल प्रबंधन को बिल के आधार पर भुगतान करता है। मार्च 2025 में दिल्ली नगर निगम पर अस्पताल प्रबंधन का 74.90 लाख रुपये का बकाया हो गया था।

तय समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण अस्पताल प्रबंधन के लोगों ने दिल्ली नगर निगम जाकर जानकारी ली। प्रबंधन की ओर से बताया गया कि करीब 80 लाख रुपये का बकाया अभी तक नहीं मिला है। इस पर जवाब मिला कि भुगतान तो पहले ही किया जा चुका है। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले की आंतरिक जांच करनी शुरू की। इसमें सामने आया कि नगर निगम द्वारा रकम मेट्रो अस्पताल के किसी अधिकृत बैंक खाते में नहीं बल्कि एक यस बैंक खाते में ट्रांसफर की गई थी।

जांच में पता चला कि नौ करोड़ से अधिक की जालसाजी की गई है। प्रबंधन की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया था। मामले में पुलिस ने दिल्ली के चावड़ी बाजार निवासी नीरज को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। नीरज ने मांडिया ट्रेडर्स के नाम से एक बैंक खाता खुलवाया था। इसमें मेट्रो अस्पताल से की गई ठगी के ढाई करोड़ से अधिक की रकम ट्रांसफर की गई थी। इसके एवज में नीरज को प्रति माह दस हजार रुपये मिलते थे। पुलिस सभी पहलुओं की जांच गहनता से कर रही है।



ليست هناك تعليقات