नोएडा के सेक्टर-95 में बन रहे नोएडा जंगल ट्रेल के पार्क का काम एक महीने के अंदर पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पार्क को लोगों के लिए खोला जा...
नोएडा के सेक्टर-95 में बन रहे नोएडा जंगल ट्रेल के पार्क का काम एक महीने के अंदर पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद पार्क को लोगों के लिए खोला जाएगा। यहां जंगल में जानवरों की आकृतियों का दीदार करने का मौका मिलेगा। इसका 92 प्रतिशत काम पूरा हो गया है।
यहां शेर, चीता, डायनासोर, हिरण, हाथी समेत कई जानवरों की आकृतियां लगाई गई हैं। इस पार्क में लोहे, रबड़ आदि कबाड़ और सीमेंट के जरिए करीब 700 जानवरों की आकृतियां तैयार की जा चुकी हैं। यह पार्क सेक्टर-95 में महामाया फ्लाईओवर और ओखला पक्षी विहार के बीच बन रहा है। इसका निर्माण एक साल पहले जून 2024 में शुरू हुआ था। प्राधिकरण यह पार्क करीब 18.27 एकड़ में बना रहा है। पार्क का नाम नोएडा जंगल ट्रेल है। नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि पार्क के अंदर कबाड़ से बने डायनासोर, गैंडा, मगरमच्छ, अजगर, बंदर की आकृतियां लगाई गई हैं। इसके साथ ही छोटी आकृतियों में सुंदर-सुंदर चिड़ियां भी कबाड़ से बनाकर लगाई जाएंगी। पार्क में आने वाले लोग जंगल में सैर का लुत्फ भी उठा सकेंगे। प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि इस पार्क को तीन जोन में बांटा गया है। पहला जोन-ए 4.05 एकड़ का है। इसमें पार्किंग, एंपीथियेटर (1000 लोगों की क्षमता का ), फूड कोर्ट और प्रदर्शनी क्षेत्र है। यहां 8 बसों और 76 कारों की पार्किंग होगी। जोन-बी 8.77 एकड़ का बनाया जा रहा है। इसमें ट्रोपिकल रेन फारेस्ट्र, ग्रास लैंड, वेट लैंड को बनाया जा रहा है। तीसरा जोन-सी 5.45 एकड़ का है।
आकृतियों को बनाने में 500 टन लोहे का होगा प्रयोग
अधिकारियों ने बताया कि पार्क में 500 टन लोहा वेस्ट का प्रयोग किया गया है। यहां लोहे से पार्क में स्कल्पचर बनाए जा रहे है। प्लास्टिक वेस्ट का प्रयोग भी किया जा रहा है। करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसमें हाथी, पेंग्विन, शेर, जिराफ़, बर्ल्डस, बत्तख, फ्लेमिंगो, बरटफ्लाई, जंगली भैस आदि को बनाए गए हैं।
पार्क की खासियत
- एनसीआर का पहला पार्क होगा जिसमें जंगल नाइट सफारी होगी। ई कार्ट के जरिए।
- पार्क में जल, मरुस्थल, बर्फ और घने जंगलों में रहने वाले 700 जानवरों को बनाया जा रहा है।
- यहां फूड कोर्ट, बच्चों के खेलने के लिए मैदान और पिकनिक स्पॉट होगा।
कोई टिप्पणी नहीं