नोएडा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस जल्द ही शहर के 36 मुख्य चौराहों और तिराहों पर ट्रैफिक आइलैंड स्थापित करेगा...
नोएडा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस जल्द ही शहर के 36 मुख्य चौराहों और तिराहों पर ट्रैफिक आइलैंड स्थापित करेगा। इनके रखने से मुख्य स्थानों पर दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से इनको एक सप्ताह के भीतर स्थापित किया जाएगा।
पहले भी थे ट्रैफिक आइलैंड
कुछ वर्ष पूर्व तक शहर के अधिकतर चौराहों और तिराहों पर ट्रैफिक आइलैंड स्थापित थे, जिन्हें धीरे-धीरे स्थानांतरित कर दिया गया। इन स्थानों पर लंबे समय से ट्रैफिक लाइट यातायात का प्रबंधन करती है। तकनीकी कारणों के चलते अक्सर ट्रैफिक लाइट खराब हो जाती है। तकनीकी खराबी को दूर करने में कई दिन का समय भी लग जाता है। इसके चलते इन चौराहों और तिराहों से गुजरने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
36 जगहों पर बनेंगे ट्रैफिक आइलैंड
पहले निकलने के चक्कर में लंबा जाम लग जाता है। यातायात पुलिसकर्मियों को मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाना पड़ता है। यही नहीं, इसके चलते चौराहों और तिराहों पर अक्सर हादसे भी हो जाते हैं। डीसीपी ट्रैफिक लखन सिंह यादव ने बताया कि यातायात को सुचारू बनाए रखने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए शहर के 36 चौराहों-तिराहों पर ट्रैफिक आइलैंड स्थापित किए जाएंगे। ट्रैफिक लाइट खराब होने पर या वीआईपी के भ्रमणशील होने पर पुलिसकर्मी इनमें सुरक्षित खड़े होकर यातायात को व्यवस्थित कर सकते हैं। इनमें खड़े होकर पुलिसकर्मी धूप और बारिश से बचकर जिम्मेदारी निभा सकते हैं।
ये फायदे होंगे
ट्रैफिक आइलैंड यातायात को सुचारू रूप से चलाने में मदद करते हैं, जिससे भीड़भाड़ कम होती है। ये दुर्घटनाओं को कम करने में प्रभावी होते हैं, खासकर उन चौराहों पर जहां यातायात की अधिकता होती है। ट्रैफिक आइलैंड पैदल चलने वालों और साइकिल चालकों के लिए भी सुरक्षा प्रदान करते हैं, क्योंकि वे यातायात को धीमा कर देते हैं।
ट्रैफिक आइलैंड सड़कों के जंक्शन पर बनाए जाते हैं। इनका मुख्य उद्देश्य यातायात को नियंत्रित करना और दुर्घटनाओं को कम करना है। ये यातायात को एक दिशा में मोड़ने या घुमाने के लिए डिजाइन किए जाते हैं।
नोएडा में इन स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे
हाजीपुर चौराहा, एबीसीडी चौराहा सेक्टर-63, ओकाया चौक सेक्टर-62, 12-22-56 तिराहा, स्टेडियम चौराहा, सेक्टर-15 गोल चक्कर, झुंडपुरा चौराहा, डीएम चौराहा, राय रेसीडेंसी सेक्टर-19/20, शशि चौक, 12-22 चौराहा, डीएस ग्रुप तिराहा सेक्टर-66, होशियारपुर तिराहा, अट्टा पीर, एडोब चौराहा, एचसीएल चौराहा सेक्टर-125, स्पाइस मॉल चौराहा, एनएसईजेड तिराहा, इंडस वैली स्कूल तिराहा, सेक्टर-57 चौराहा, 31-35 चौराहा, गिझौड़ चौराहा, सेक्टर-92 चौराहा, पाथवेज स्कूल, श्रमिक कुंज चौराहा, स्वानी फर्नीचर चौक, वाटर टैंक सेक्टर-21, खोड़ा कॉलोनी चौक, सेक्टर-11-56 चौक, सेक्टर-55-57 तिराहा, शैफायर स्कूल, सेक्टर-93 चौराहा, सेक्टर-104 हाजीपुर विलेज, गिझौड़ से सेक्टर-57 चौराहा और सेक्टर-100 हैं।

कोई टिप्पणी नहीं