दैनिक सरोकार ! देव कुमार / भुवनेश्वर : आम चुनाव 2024 से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बीजू जनता दल (बीजद) के बीच संभावित गठबंधन के ब...
दैनिक सरोकार ! देव कुमार / भुवनेश्वर : आम चुनाव 2024 से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बीजू जनता दल (बीजद) के बीच संभावित गठबंधन के बीच सभी की निगाहें अब दोनों दलों के बीच संभावित सीट-बंटवारे के अनुपात पर हैं। खबरों की मानें तो बीजेपी ओडिशा की 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बीजेडी को 8 लोकसभा सीटों पर लड़ने से संतोष करना पड़ेगा।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों ही दलों ने अभी औपचारिक गठबंधन एवं सीट शेयरिंग की घोषणा भले ही नहीं किए हैं, मगर सीट का बंटवारा लगभग निश्चित है और लोकसभा में 13-8 या 14-7 रहने की संभावना है।वहीं विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे का अनुपात अभी भी अनिश्चित है। हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि विधानसभा में बीजद 100-110 सीटें अपने पास रखेगी जबकि भाजपा (BJP ) को 35-45 सीटें दे सकती है।
वहीं विश्वसनीय सूत्रों ने कहा कि प्राथमिक स्तर पर दोनों दलों के बीच सीट-बंटवारे का अनुपात पहले ही तय हो चुका है, गठबंधन की आधिकारिक घोषणा 12 मार्च को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की ओडिशा यात्रा के दौरान होने की उम्मीद है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और सांसद जुएल ओराम ने बुधवार को कहा कि बुधवार को नई दिल्ली में कोर कमेटी की बैठक में भाजपा-बीजद गठबंधन (BJP-BJD Alliance) के संबंध में चर्चा हुई।
ओरम ने आगे कहा कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व गठबंधन के मुद्दे पर अंतिम फैसला लेगा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे।
वहीं, बीजेडी के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को ओडिशा के सीएम तथा बीजद सुप्रीमो नवीन पटनायक के साथ भुवनेश्वर में उनके आधिकारिक आवास पर बैठक की है। बैठक के बाद बीजेडी के वरिष्ठ नेता देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हुई बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई .
ओडिशा विकास के अगले चरण की ओर बढ़ रहा है और नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा इस संबंध में प्रयास किए जा रहे हैं। बीजद सुप्रीमो ने कहा है 2036 में ओडिशा 100 वर्ष पूर्ति उत्सव मनाने जा रहा है, ऐसे में ओडिशा के विकास, ओडिशा के लोगों के हित के लिए जो भी जरूरी होगा, वह किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं