दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने उन तमाम मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को पूरी तरह से भ्रामक और गुमराह करने वाला करार दिया...
दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने उन तमाम मीडिया रिपोर्टों और सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को पूरी तरह से भ्रामक और गुमराह करने वाला करार दिया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि 21 अक्टूबर से 8 नवंबर तक दिल्ली के करीब 22 इलाकों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी। इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए बोर्ड ने शनिवार को बयान जारी कर कहा कि इस अवधि के दौरान शहर के प्रभावित क्षेत्रों में पानी की सप्लाई बंद नहीं रहेगी, बल्कि कच्चे पानी के स्रोत में बदलाव के चलते गंगा नदी की बजाय यमुना नदी का पानी ट्रीट करके सप्लाई किया जाएगा। इसके कारण उपभोक्ताओं को पानी के स्वाद या उसमें मौजूद खनिजों में हल्का सा अंतर महसूस हो सकता है।
🚰 सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह खरा उतरेगा पानी: उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग द्वारा किया जा रहा है अपर गंगा कैनाल का वार्षिक रखरखाव
दिल्ली जल बोर्ड के अनुसार, उत्तर प्रदेश सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग द्वारा ऊपरी गंगा नहर (अपर गंगा कैनाल) में वार्षिक रखरखाव का कार्य किया जा रहा है। इस वजह से 20-21 अक्टूबर की मध्यरात्रि से 8-9 नवंबर की मध्यरात्रि तक सोनिया विहार और भागीरथी जल शोधन संयंत्र (WTP) को कच्चा गंगा जल नहीं मिल पाएगा। हालांकि, बोर्ड ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत यमुना नदी से कच्चा पानी लेकर उसे ट्रीट करने का प्रबंध किया है। पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और NDMC क्षेत्रों के लोगों को आश्वस्त किया गया है कि सप्लाई किया जाने वाला पानी पूरी तरह सुरक्षित, टेस्टेड और पीने के सभी मानकों के अनुरूप है। बोर्ड ने नागरिकों से इस दौरान सहयोग करने की अपील की है।

कोई टिप्पणी नहीं