नोएडा, 15 सितंबर। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए भारत सरकार के आवास एवं शहरी मंत्रालय की ओर से लागू...
नोएडा, 15 सितंबर। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए भारत सरकार के आवास एवं शहरी मंत्रालय की ओर से लागू की गई ‘परिवर्तन योजना’ को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए परिवहन विभाग ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को उप संभागीय परिवहन कार्यालय, गौतमबुद्धनगर में बस एवं ट्रक ऑपरेटरों, यूनियन पदाधिकारियों और स्कूल प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) श्री नन्द कुमार ने की। उन्होंने उपस्थित वाहन स्वामियों और प्रतिनिधियों को योजना के तहत मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अधिक से अधिक वाहन स्वामियों को ‘परिवर्तन पोर्टल’ पर पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि योजना का लाभ उठाने के साथ एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण में भी सहयोग किया जा सके।
बैठक के दौरान बस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पुराने वाहनों को स्क्रैप कराने और नए वाहन खरीदने पर वाहन के मूल्य पर मिलने वाली छूट से जुड़े प्रावधानों को लेकर सवाल पूछे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि गौतमबुद्धनगर से बाहर स्थित कोई पंजीकृत स्क्रैप सेंटर पुराने वाहन की अधिक कीमत देता है तो वाहन स्वामी वहां वाहन स्क्रैप कराने का विकल्प चुन सकते हैं।
परिवहन विभाग की ओर से वाहन संचालकों और स्कूल प्रतिनिधियों से योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने और अपने स्तर पर प्रबंधन से समन्वय कर वाहनों का परिवर्तन पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की गई।
बैठक में नोएडा बस एसोसिएशन के अध्यक्ष विजयपाल भाटी, सचिव कौशल अग्रवाल समेत कई परिवहन व्यवसायी और यूनियन पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा शारदा यूनिवर्सिटी, समरविले स्कूल, पाथवेज स्कूल, मंथन स्कूल, वनस्थली स्कूल और एस्टर पब्लिक स्कूल सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
एसोसिएशन पदाधिकारियों, परिवहन व्यवसायियों और स्कूल प्रतिनिधियों ने आश्वस्त किया कि वे अपने उच्चाधिकारियों और प्रबंधन से वार्ता कर अधिक से अधिक वाहनों का परिवर्तन पोर्टल पर पंजीकरण कराएंगे और एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।

.jpeg)
कोई टिप्पणी नहीं