Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

Jawahar Navodaya Vidyalaya Bharthana: जवाहर नवोदय विद्यालय साम्हो में मारपीट के बाद छात्र लापता, अभिभावकों में आक्रोश

भरथना। जवाहर नवोदय विद्यालय साम्हो में सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद बुधवार को हड़कंप मच गया।...


भरथना। जवाहर नवोदय विद्यालय साम्हो में सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद बुधवार को हड़कंप मच गया। कक्षा 11 के तीन छात्रों पर कक्षा 8 के कई छात्रों के साथ मारपीट करने का आरोप है। इसी बीच कक्षा 8 का 14 वर्षीय छात्र आर्यन राठौर पुत्र सुनील कुमार निवासी नगला ताल, समथर ताखा के छात्रावास से लापता होने की सूचना मिली। छात्र के पिता ने बेटे के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए उसकी सकुशल बरामदगी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के परिजन समेत अन्य अभिभावक विद्यालय पहुंचे। छात्र के पिता सुनील कुमार ने बताया कि उनके बेटे के साथ कुछ छात्रों ने मारपीट की थी। इसके बाद से वह लापता है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की।


अभिभावकों ने लगाए रैगिंग के आरोप

विद्यालय पहुंचे अभिभावक सोनू गौतम, अजय कुमार, धर्मेंद्र सिंह, संध्या समेत अन्य ने आरोप लगाया कि विद्यालय में सीनियर छात्र उनके बच्चों को आए दिन परेशान करते हैं और उनके साथ मारपीट भी की जाती है। अभिभावकों का कहना है कि मारपीट की घटनाओं में कई बच्चों को चोटें भी आई हैं। उन्होंने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विद्यालय प्रबंधन से जवाबदेही तय करने और दोषी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एसडीएम और पुलिस ने पहुंचकर शुरू की जांच

मामले की सूचना पर भरथना एसडीएम काव्या सी., थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह समेत संबंधित अधिकारी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और छात्रों से घटना की जानकारी ली। पुलिस और विद्यालय स्टाफ लापता छात्र की तलाश में जुट गया है।


दो आरोपी छात्र निष्कासित, जांच कमेटी गठित

विद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुमन तोमर ने बताया कि मारपीट की घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल संज्ञान लिया गया। दो आरोपी छात्रों को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, प्राचार्य डॉ. सुमन तोमर की ओर से थाना भरथना में छात्र के गुमशुदा होने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इसमें बताया गया कि कक्षा आठ का छात्र आर्यन आवासीय परिसर में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बुधवार को सदनाध्यक्ष मुंशीलाल की सूचना से संज्ञान में आया कि छात्र सुबह करीब चार बजे से परिसर में दिखाई नहीं दिया। विद्यालय परिसर में तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। इसकी सूचना परिजनों को भी दे दी गई। पुलिस मामले की जांच और छात्र की तलाश में जुटी है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की जांच जारी है। छात्र के लापता होने और मारपीट के आरोपों को लेकर अभिभावकों में आक्रोश है। पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।







 

कोई टिप्पणी नहीं