भरथना। थाना परिसर में आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता उपजिलाधिकारी काव्या सी. ने की। बैठक में विभिन्न धर्...
भरथना। थाना परिसर में आगामी त्योहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता उपजिलाधिकारी काव्या सी. ने की। बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरु, गणेश उत्सव आयोजक और नगर के संभ्रांत नागरिक शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि इस बार नगर में सात स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। एसडीएम ने आयोजकों को निर्देश दिए कि उत्सव के दौरान डीजे की आवाज निर्धारित मानक के अनुरूप रखी जाए। रात 10 बजे के बाद डीजे बंद कर दिया जाए और सुबह भी निर्धारित समय के बाद ही बजाया जाए। आपत्तिजनक गाने बजाने से भी आयोजकों को बचने के निर्देश दिए गए। स्कूल और अस्पताल के आसपास आयोजन होने पर विशेष सावधानी बरतने को कहा गया।
एसडीएम ने सभी आयोजकों से आयोजन की जानकारी थाना पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीओपी की प्रतिमाओं का प्रयोग न करने और प्रतिमाओं का विसर्जन नदी या नहर में न करने की हिदायत दी। नगर के समीप निर्धारित स्थान पर गड्ढा बनाकर प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा। विसर्जन स्थल पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
विसर्जन जुलूस के दौरान भी डीजे की आवाज धीमी रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
बैठक में नायब तहसीलदार हर्षवर्धन अवस्थी, थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी तनमय चौधरी, उपनिरीक्षक इदु हसन, नितिन कुमार सहित गणेश उत्सव आयोजक और नगर के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।

.jpeg)
कोई टिप्पणी नहीं