भलस्वा लैंडफिल पर मेयर का एक्शन मोड, अतिरिक्त मशीनों से तेज होगी कचरे की सफाई 4-5 लाख टन लिगेसी कचरा बाकी, सितंबर के बाद नए कचरे के निस्तारण...
भलस्वा लैंडफिल पर मेयर का एक्शन मोड, अतिरिक्त मशीनों से तेज होगी कचरे की सफाई
4-5 लाख टन लिगेसी कचरा बाकी, सितंबर के बाद नए कचरे के निस्तारण की रफ्तार दोगुनी करने के निर्देश
नीरज अवस्थी
नई दिल्ली । दिल्ली के भलस्वा लैंडफिल साइट को कचरे के पहाड़ से मुक्त कराने की कवायद अब और तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण कर चल रहे बायो-माइनिंग और कचरा निस्तारण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को अतिरिक्त मशीनें लगाने और निर्धारित समय सीमा में लिगेसी कचरे का निस्तारण पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि भलस्वा लैंडफिल पर जमा कचरे का पहाड़ पहले की तुलना में काफी कम हुआ है। निगम के अनुसार, साइट पर प्रतिदिन करीब 15,000 मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बायो-माइनिंग की रफ्तार बढ़ाने के लिए मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि लैंडफिल की जमीन को जल्द से जल्द खाली कर उसका रीक्लेमेशन सुनिश्चित किया जा सके।
वाही ने बताया कि साइट पर अब लगभग 4-5 लाख टन लिगेसी कचरा ही शेष बचा है। उन्होंने नए कचरे के निस्तारण की गति को सितंबर के बाद और बढ़ाने तथा इसे दोगुनी रफ्तार से निपटाने के निर्देश दिए हैं।
वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट से भी मिलेगी रफ्तार
महापौर ने बताया कि भलस्वा लैंडफिल साइट पर वेस्ट-टू-एनर्जी संयंत्र लगाने का काम भी चल रहा है। संयंत्र शुरू होने के बाद कचरे के निस्तारण की क्षमता में और वृद्धि होने की उम्मीद है। बायो-माइनिंग से निकलने वाले इनर्ट मटेरियल का इस्तेमाल जमीन की भराई में किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उत्तरी क्षेत्र के उपाध्यक्ष संजय त्यागी, मनोनीत सदस्य राजपाल राणा, अतिरिक्त आयुक्त अरुण कुमार मिश्रा, प्रमुख अभियंता के.के. शर्मा समेत निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
‘कचरा मुक्त दिल्ली’ मिशन पर निगम का जोर
प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा मुक्त दिल्ली के मिशन को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दिल्लीवासियों से कूड़े को चार श्रेणियों में अलग-अलग करके उसका उचित निस्तारण करने की अपील की। महापौर ने कहा कि स्वच्छता को आदत बनाकर नागरिक दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।


.jpeg)
कोई टिप्पणी नहीं