Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

दिल्ली: चंदन होला में गोदामों में लगी भीषण आग, 24 दमकल गाड़ियां तैनात

  दक्षिणी दिल्ली के चंदन होला गांव में रविवार तड़के एग्जीबिशन आइटम्स (प्रदर्शनी सामग्री) के दो गोदामों में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देख...

 


दक्षिणी दिल्ली के चंदन होला गांव में रविवार तड़के एग्जीबिशन आइटम्स (प्रदर्शनी सामग्री) के दो गोदामों में भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और दूर से ही आग की लपटें दिखाई देने लगीं। आग की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस और दमकल की 24 से अधिक दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मचारियों ने करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।

पीएनबी बैंक के पास लगी थी आग

दिल्ली फायर सर्विस सेवा के प्रवक्ता राजेन्द्र अटवाल ने बताया कि रविवार रात 2:11 बजे चंदन होला में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के पास स्थित टिन शेड वाले गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती दौर में दो वाटर टेंडर और दो वाटर बाउजर मौके पर भेजे गए, लेकिन आग के विकराल रूप और तेजी से फैलने के कारण अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाना पड़ा। रात 2:40 बजे आग को मेक-4 और 3:08 बजे मेक-6 घोषित किया गया। मौके पर कुल 8 वाटर टेंडर, 10 वाटर बाउजर, दो मोटर पंप, एक ब्रीदिंग फोम टेंडर, एक एरियल वाटर टेंडर, एक फायर कंट्रोल कम्युनिकेशन वाहन, एक इंसिडेंट रिस्पॉन्स टीम और एक हाईड्रोलिक टर्नटेबल समेत 24 से अधिक दमकल संसाधन तैनात किए गए।

हादसे में कोई हताहत नहीं

दमकल अधिकारियों के मुताबिक, आग करीब दो एकड़ क्षेत्र में बने टिन शेड वाले दो गोदामों में रखी प्रदर्शनी सामग्री में लगी थी। आग की तीव्रता के कारण टिन शेड ढह गए। सुबह 5 बजे तक आग को चारों ओर से घेर लिया गया और 5:40 बजे उस पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। सुबह 6:30 बजे ऑपरेशन समाप्त घोषित कर दिया गया, हालांकि मलबे में कूलिंग का काम कुछ समय तक जारी रहा। स्थानीय थाना पुलिस आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में किसी के भी घायल और हताहत होने की सूचना नहीं है।

चार दिन पहले विजय सेल्स के शोरूम में लगी थी आग

गौरतलब है कि इससे पहले पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान के शोरूम विजय सेल्स में 1 जुलाई तड़के आग लग गई थी। आग ने इमारत के ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर और तीन ऊपरी मंजिलों में रखे इलेक्ट्रॉनिक सामान, फर्नीचर और अन्य चीजों को अपनी चपेट में ले लिया। यह इमारत करीब 350 वर्ग गज में फैली है। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं हुआ था।

कोई टिप्पणी नहीं