Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

दिल्ली-NCR मौसम अपडेट: झमाझम बारिश, रेड अलर्ट जारी और जलभराव की समस्या

  दिल्ली-एनसीआर में रविवार दोपहर को आई झमाझम बारिश ने वीकेंड पर मौसम को मस्त बना दिया है। दिल्ली के साथ ही नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में...

 


दिल्ली-एनसीआर में रविवार दोपहर को आई झमाझम बारिश ने वीकेंड पर मौसम को मस्त बना दिया है। दिल्ली के साथ ही नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी जोरदार बारिश हुई। इससे कुछ जगह सड़कों पर जलभराव देखने को मिला।

मौसम विभाग ने पूरी दिल्ली में आंधी और हल्की से मध्यम बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। बता दें कि मौसम विभाग ने पहले पूरी दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया था, जिसे बाद कुछ हिस्सों में ऑरेंज और कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट में बदल दिया गया है। हालांकि, थोड़ी देर बाद ही इसे फिर से बदलकर पूरी दिल्ली में आंधी और तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी कर दिया गया।

आईएमडी ने के अनुसार, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, मध्य दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नई दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, शाहदरा, उत्तर-पूर्वी दिल्ली उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों में आसमान में गरज और चमक के साथ आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है, जो 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक जा सकती है।

आज कितना रह सकता है तापमान

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।

10 जुलाई तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 10 जुलाई तक आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। मौसम विभाग की तरफ से दिल्ली में 2 जुलाई को ही मॉनसून आने की घोषणा कर दी गई थी। मौसम वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने कहा कि आसमान में बादल छाए रहेंगे और इस दौरान गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के साथ हल्की आंधी आ सकती है, जिसकी रफ्तार बढ़कर 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

बारिश के बाद सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी

गुरुग्राम में भी बारिश के बाद कई सेक्टरों में जलभराव की स्थिति बन गई। सबसे अधिक दिक्कत सेक्टर-चार, सात, सात एक्सटेंशन, नौ और नौए के अलावा इसके आसपास लगती कॉलोनियों को हुई। सुबह करीब साढ़े 10 बजे बाारिश शुरू हुई, जो दोपहर करीब 12 बजे तक हुई। बारिश के बाद सेक्टर-9- 9ए, सेक्टर-4-7 की मुख्य सड़क पर करीब एक फीट तक पानी भर गया। इससे वाहन चालकों को असुविधाओं का सामना करना। जलभराव की वजह से कई दुपहिया वाहन और ई-रिक्शा बीच सड़क में बंद हो गए। इससे यातायात जाम की स्थिति बन गई। इसके अलावा ओल्ड गुरुग्राम की कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी, जिससे वाहन चालकों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ा।

फरीदाबाद में बारिश ने उमस से दिलाई राहत

फरीदाबाद में भी रविवार को हुई बारिश ने लोगों को भीषण उमस और गर्मी से बड़ी राहत दिलाई। सुबह 11 बजे आसमान में काले बादल छाने लगे और हवा बिलकुल बंद हो गई। इसके कुछ देर बाद ही झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी के कारण लोग परेशान थे। बारिश शुरू होते ही सड़कों, बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल गया। कई लोगों ने घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवाओं और बारिश का आनंद लिया। वहीं बच्चों में भी बारिश को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। हालांकि, तेज बारिश के कारण शहर के कुछ निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों तक जिले में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। बारिश से किसानों और पौधों को भी लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।








कोई टिप्पणी नहीं