दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षाविद एवं जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन का मंगलवार को 17वां दिन है और...
दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षाविद एवं जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन का मंगलवार को 17वां दिन है और उनकी सेहत लगातार बिगड़ती जा रही है। उनके हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि अनशन शुरू करने के बाद उनका कुल वजन करीब 8.2 किलोग्राम कम हो चुका है और शुगर लेवल भी गिरकर 67 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर हो गया है। इस बीच कई प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं ने सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य के प्रति चिंता जताते हुए उनसे अपना अनशन खत्म करने की अपील की है। इन नेताओं में आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे और तृणमूल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सांसद महुआ मोइत्रा शामिल है। जिसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने इन सभी नेताओं के प्रति आभार जताया है।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सोनम वांगचुक के जीवन को अनमोल बताते हुए उनसे अनशन खत्म करने की अपील की और इस बारे में सोशल मीडिया पर लिखा, 'श्री सोनम वांगचुक जी से हमारा अति विनम्र आग्रह और सविनय अपील है कि वो अपना अनशन तोड़ दें। उनका जीवन समस्त विश्व के लिए अनमोल है क्योंकि उसमें मानवता और पर्यावरण के लिए उतनी ही प्रतिबद्धता है जितनी की लोकतंत्र के लिए है।'
'भाजपाइयों के लिए किसी के जीवन का कोई मोल नहीं'
यादव ने आगे लिखा, ‘जिस भाजपा सरकार को जगाने के लिए वो आमरण अनशन पर हैं वो तो एक सिद्धांतहीन, भ्रष्ट तंत्र है, उसकी असंवेदनशीलता और हृदयहीनता में किसी के भी त्याग का कोई महत्व नहीं है अत: भाजपाइयों से सदाचार और हृदय-परिवर्तन की कोई भी अपेक्षा निरर्थक है। भाजपाइयों के लिए किसी के जीवन का कोई भी मोल नहीं है। उनके लिए धन ही प्रधान है। वो भ्रष्टाचार से कमाए पैसों के घमंड में चूर हैं। उनमें बदलाव की आशा करना ही व्यर्थ है। जिनमें अहंकार होता है उनमें परिष्कार नहीं होता। ‘सत्याग्रह’ का महत्व वो क्या जानें जो ‘सत्ताग्रह’ के लालच में मंदिर तक लूट ले रहे हैं। उन्हें न युवाओं के भविष्य से कुछ लेना-देना है, न उनके माता-पिता और अन्य परिजनों के सपनों से, वो तो खुदगर्ज लोग हैं।’
अपनी पोस्ट के अंत में यादव ने लिखा, 'आपके मनोबल और नैतिकता की महाशक्ति हर सच्चे भारतीय की प्रेरणा बनती रहे और आप देशवासियों, युवाओं, लोकतंत्र और पर्यावरण के संघर्ष के लिए नकारात्मक ताकतों के खिलाफ सदैव प्रकाश स्तंभ बने रहें, यही हम सबकी चाह है और प्रार्थना भी।'
दीपके ने अखिलेश यादव को कहा शुक्रिया
यादव की इस पोस्ट के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया के जरिए उनका धन्यवाद किया और लिखा, 'सोनम सर के साथ खड़े रहने और उनके उस मकसद का समर्थन करने के लिए, जिसके लिए उन्होंने अपनी जान जोखिम में डाली है, मैं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव सर को हृदय की गहराइयों से धन्यवाद कहता हूं।'
महुआ ने लिखा- आपका जीवन हमारे लिए कीमती
उधर यादव के अलावा तृणमूल कांग्रेस (TMC) की वरिष्ठ नेता और सांसद महुआ मोइत्रा ने भी सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य के प्रति चिंता जताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की। जिसमें उन्होंने लिखा,'सोनम सर आपके अनशन ने देश के युवाओं को उनके न्याय के संघर्ष में एकजुट कर दिया है। आपका मकसद पूरा हो गया है। सरकार को आपके जीवन या उन करोड़ों युवाओं की कोई भी चिंता नहीं है, लेकिन आपका जीवन हमारे लिए मायने रखता है। प्लीज अपना अनशन खत्म कर दें और लड़ाई को जारी रखें।'
अभिजीत ने लिखा- महुआ मैम का तहे दिल से शुक्रिया
महुआ मोइत्रा को धन्यवाद देते हुए अभिजीत दीपके ने लिखा, 'अभी सीनियर TMC नेता और सांसद महुआ मोइत्रा से बात हुई। उन्होंने सोनम सर की बिगड़ती सेहत पर अपनी गहरी चिंता जाहिर करने के लिए फोन किया था। सोनम सर का हाल-चाल पूछने और 20 जुलाई को CJP के 'मार्च टू पार्लियामेंट' (संसद तक मार्च) को समर्थन देने के लिए मैं महुआ मैम का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।'
सीजेपी ने केजरीवाल को भी कहा शुक्रिया
उधर आम आदमी प्रमुख अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करते हुए CJP संस्थापक ने लिखा, 'AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल से बातचीत हुई, उन्होंने सोनम सर की सेहत के बारे में पूछा और उनकी हालत पर गहरी चिंता जताई। ऐसे समय में, बातचीत और लोकतंत्र के पक्ष में उठने वाली हर आवाज मायने रखती है। CJP के विरोध-प्रदर्शन और 20 जुलाई को संसद तक हमारे मार्च को समर्थन देने के लिए मैं अरविंद सर का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।'
उद्धव ठाकरे ने भी की थी अपील, दीपके ने कहा धन्यवाद
इनके अलावा शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए उनसे अनशन खत्म करने की अपील की थी। जिसके बाद उन्हें धन्यवाद देते हुए अभिजीत ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे से बातचीत हुई, जिन्होंने सोनम सर की तेजी से बिगड़ती सेहत पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने सोनम सर से अपनी भूख हड़ताल खत्म करने की पुरजोर अपील की और कहा कि उनकी सेहत सबसे ज्यादा जरूरी है।'
आगे दीपके ने लिखा, 'मैं उद्धव सर का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं कि उन्होंने हमदर्दी दिखाई, इस मुश्किल समय में हमारे साथ खड़े रहे और CJP तथा 20 जुलाई को संसद तक हमारे मार्च को अपना समर्थन दिया।'
दीपके ने अनशन खत्म की अपील की तो क्या बोले वांगचुक
इससे पहले मंगलवार को सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए अभिजीत दीपके ने लिखा, 'सोनम सर की भूख हड़ताल का 17वां दिन। उनकी मसल्स कम होने लगी हैं और उन्हें बहुत दर्द हो रहा है। बाकी सब की तरह, मैंने भी उनसे अपना अनशन खत्म करने की गुजारिश की। उन्होंने शांति से जवाब दिया, “मुझसे अनशन खत्म करने के लिए मत कहो। सरकार से पूछो कि वे बातचीत क्यों नहीं कर रहे हैं।”'
बता दें कि नीट समेत कई अन्य परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है और अपनी इसी मांग को लेकर वह पिछले 25 दिनों से जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन कर रही है। CJP की इसी मांग के समर्थन में सोनम वांगचुक भी अनशन कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं