देश के 60 से 70 फीसदी हिस्सों में बादलों की मोटी परत छा गई है। इससे अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में ...
देश के 60 से 70 फीसदी हिस्सों में बादलों की मोटी परत छा गई है। इससे अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में आज सुबह तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने बुधवार तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पारा करीब 6 डिग्री तक लुढ़केगा।
देश के उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में दक्षिण-पश्चिमी मॉनसून के और अधिक सक्रिय होने की संभावना है। उपग्रह से प्राप्त तस्वीरों में देश के बड़े हिस्से पर मॉनसूनी बादलों का डेरा नजर आ रहा है। इन तस्वीरों में पंजाब से लेकर पूर्वोत्तर भारत तक बादलों की लंबी पट्टी दिखाई दे रही है। जम्मू-कश्मीर के ऊपर बेहद ठंडे बादलों की पहचान की गई है। इन बादलों का तापमान माइनस 80 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है। विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे बादल तेज तूफानी गतिविधियों और भारी बारिश की संभावना का संकेत देते हैं।
दिल्लीवालों पर आज मौसम होगा मेहरबान
राजधानी पर सोमवार से मौसम फिर मेहरबान हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून रेखा करीब आने से अब दिल्ली में बारिश की गतिविधियां फिर से शुरू होंगी। सोमवार को दिल्ली में तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जबकि, मंगलवार और बुधवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
छह डिग्री तक गिरेगा पारा
सोमवार को दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति भी 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रहने की संभावना है। इससे गर्मी और उमस से राहत मिलेगी और छह डिग्री तक तापमान गिरने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री रहने का अनुमान है।
45 डिग्री से ज्यादा की गर्मी महसूस हुई
दिल्ली के लोगों को रविवार को 45 डिग्री से ज्यादा की गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग के मुताबिक शाम के साढ़े पांच बजे तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और आर्द्रता का स्तर 50 फीसदी तक रहा। हवा की गति 5.6 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। इसके चलते फील लाइक तापमान यानी महसूस होने वाली गर्मी का स्तर 45.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
उमस और गर्मी से परेशान रहे लोग
दिल्ली में रविवार को भीषण उमस और गर्मी रही। ज्यादातर इलाकों में दिनभर हल्के बादलों की आवाजाही बनी रही। बीच-बीच में तेज धूप भी निकलती रही। इस दौरान हवा की गति भी धीमी रही और आर्द्रता का स्तर ज्यादा रहा। दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री रिकाॅर्ड की गई। यह सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 31.0 डिग्री रहा। यह सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
पांच दिन देरी से आया था मॉनसून
मॉनसून का मिजाज लोगों की उम्मीद तोड़ने वाला रहा है। मॉनसून का आगमन सामान्य तिथि से पांच दिन बाद हुआ। मॉनसून आया भी तो अच्छी बारिश नहीं हुई। सिर्फ तीन दिन ऐसे रहे जब दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश हुई। दिल्ली में 10 जुलाई के बाद से बारिश नहीं हुई है। अब इस स्थिति में बदलाव की उम्मीद है।
मॉनसून रेखा में बदलाव
मॉनसून की रेखा अभी तक हिमालय की तलहटी या ऊपरी हिस्से की तरफ स्थित थी। अब मॉनसून रेखा के नीचे की तरफ खिसकने के आसार बन रहे हैं। इसके चलते यूपी, हरियाणा, पंजाब से लेकर ज्यादातर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना है।
अमरनाथ, वैष्णो देवी यात्रा स्थगित
पुंछ-राजौरी में भूस्खलन और बाढ़ में 12 मौतें हो गई, जबकि कई अन्य लापता हैं। 23 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी के बाद अमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी की यात्राएं अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई हैं। अमरनाथ यात्रा को पहलगाम और बालटाल, दोनों मार्गों से रोक दिया गया है।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड में भारी बारिश का अनुमान है। भूस्खलन और अचानक बाढ़ का भी खतरा है। पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है।

कोई टिप्पणी नहीं