दिल्ली सरकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसका मकसद जनभागीदारी, देशभक्ति और राष्ट्र...
दिल्ली सरकार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसका मकसद जनभागीदारी, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना से जोड़ना है। इस अभियान में दिल्ली के स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को महत्वपूर्ण भागीदार बनाया गया है। दिल्ली सरकार पात्र स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से करीब 2 लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार कराएगी। इन समूहों से तैयार किए गए तिरंगों का उपयोग इस अभियान में किया जाएगा। दिल्ली सरकार का पूरी दिल्ली में 15 लाख से अधिक राष्ट्रीय ध्वज बांटने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार इस अभियान को समाज के हर वर्ग की भागीदारी से सफल बनाने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए भी प्रतिबद्ध है।
राष्ट्रीय एकता के प्रतीक तिरंगे के निर्माण में सीधे योगदान देंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को राष्ट्रीय ध्वज निर्माण से जोड़ने का निर्णय सरकार की उस सोच का हिस्सा है, जिसमें जनकल्याणकारी अभियानों के साथ आजीविका के अवसरों को भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने वाले स्वयं सहायता समूहों के सदस्य देश के गौरव और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक तिरंगे के निर्माण में सीधे योगदान देंगे। इससे उन्हें आर्थिक अवसर मिलने के साथ ही देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनने का गौरव भी प्राप्त होगा।
दो लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए जाएंगे
राज्य शहरी आजीविका मिशन (एसयूएलएम), दिल्ली सरकार द्वारा चिन्हित और संगठित पात्र स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से दो लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए जाएंगे। एसयूएलएम शहरी गरीबों की आजीविका को मजबूत करने के लिए स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने, कौशल विकास, उद्यमिता और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहा है। राष्ट्रीय ध्वज निर्माण से इन समूहों को अपनी सामुदायिक संस्थाओं के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से योगदान देने और स्थायी आजीविका के अवसरों को मजबूत करने का अवसर मिलेगा।
सीएम ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास और जनभागीदारी को साथ लेकर आगे बढ़ना है। स्वयं सहायता समूहों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़कर दिल्ली सरकार सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत करने, आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जाने वाले सभी राष्ट्रीय ध्वज भारतीय ध्वज संहिता, 2002 और समय-समय पर किए गए उसके संशोधनों, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971 तथा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप बनाए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से जुड़े सम्मान, गरिमा और राष्ट्रीय गौरव के अनुरूप हो।
ऑनलाइन बाजारों से भी तिरंगे खरीदे जाएंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान में जनभागीदारी को व्यापक रूप से जोड़ना चाहती है। इसीलिए पूरी दिल्ली में सरकार की ओर से 15 लाख से अधिक तिरंगे वितरित किए जाएंगे। इसके लिए ऑनलाइन बाजारों से भी तिरंगे खरीदे जाएंगे। सरकार का प्रयास है कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भावना दिल्ली के प्रत्येक घर तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को इस अभियान से जोड़ना देशभक्ति की भावना के साथ-साथ स्थानीय समुदायों की आर्थिक मजबूती और समावेशी विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।

कोई टिप्पणी नहीं