दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिलाए जाने के फैसले...
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिलाए जाने के फैसले का विरोध करते हुए एक तरफ जहां केंद्र सरकार पर निशाना साधा तो दूसरी तरफ ऑटो मोबाइल कंपनियों पर भी झूठ बोलने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने हाथ जोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि जनता को विकल्प दिया जाए कि वह अपनी मर्जी का तेल गाड़ी में डलवाए। उन्होंने विनती की कि E0, E10 और E20 के विकल्प अलग-अलग कीमतों के साथ जनता के सामने दिए जाएं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि E20 को लेकर केंद्र सरकार हर दिन झूठ बोल रही है। नए-नए हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा, 'अभी 3 जुलाई को केंद्र सरकार ने 6 कंपनियों को बुलाया और कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस करके तुम जनता को बोलो E20 सही है और आपकी गाड़ी E0 या E10 है तब भी चलेगा। इन 6 कंपनियों में से 3 ने सरकार को मना कर दिया और तीन ने झूठ बोला। तीनों ने कहा कि यदि आपकी गाड़ी E0, E5 या E10 है तब भी कोई नुकसान नहीं होगा।'
केजरीवाल ने पूछा- हर्जाना सरकार देगी या कंपनी
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक तरफ तो ऑटो कंपनियों ने मीडिया के सामने कहा कि E20 फ्यूल से कोई नुकसान नहीं है, जबकि दूसरी तरफ ऑनर मैन्युअल में कहा गया है कि 10 पर्सेंट तक इथेनॉल इस्तेमाल किया जा सकता है। यदि दिक्कत आए तो 10 पर्सेंट वाला भी यूज मत करना। उन्होंने कहा कि वह तीनों कंपनियों को चिट्ठी लिखकर कहेंगे कि लिखित में दें कि यदि किसी गाड़ी की माइलेज 10 फीसदी से ज्यादा कम हो जाए तो उन्हें हर्जाना दिया जाएगा, गाड़ी खराब हो जाए तो क्या उनके पार्ट मुफ्त में बदले जाएंगे? उन्होंने कहा कि वह पीएम मोदी को भी चिट्ठी लिखकर पूछेंगे कि जनता क्यों नुकसान उठाए, माइलेज कम होता है तो हर्जाना सरकार देगी या कंपनी, गाड़ी खराब हो जाए तो हर्जना कौन देगा।
हाथ जोड़कर बोले केजरीवाल- जनता को मिले विकल्प
केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने कहा कि दूसरे देशों में E10 से कम वाला फ्यूल यूज किया जा रहा है। उन्होंने अमेरिका,जापान जैसे देशों का उदाहरण दिया। सरकार की इस जिद की वजह से 30 करोड़ गाड़ियां जोखिम में हैं। 30 करोड़ गाड़ियों का कबाड़ा हो जाएगा। केजरीवाल ने हाथ जोड़ते हुए कहा, 'मेरी हाथ जोड़कर विनती है मोदी जी से, जिद मत करो, मान जाओ... एक ही चीज मांग रही है जनता कि विकल्प दे दो। आप E20 रखो लेकिन पेट्रोल पंप पर E0, E10 और E20 मिलना चाहिए, अलग-अलग कीमत हो, फिर जिसकी मर्जी जो फ्यूल इस्तेमाल करे।'

कोई टिप्पणी नहीं