Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

महापंचायत में जा रहे किसानों को यूपी गेट पर रोका, DME पर लगा लंबा जाम

  भारत-अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते के विरोध में दिल्ली में होने वाली महापंचायत में जा रहे किसानों को पुलिस ने मंगलवार सुबह गाजियाबाद क...

 


भारत-अमेरिका के बीच हुए व्यापार समझौते के विरोध में दिल्ली में होने वाली महापंचायत में जा रहे किसानों को पुलिस ने मंगलवार सुबह गाजियाबाद के ट्रांस हिंडन में यूपी गेट पर रोक लिया। जिसके बाद गुस्साए किसान दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (DME) पर बैठ गए, जिसके चलते वहां जाम लग गया। करीब साढ़े 10 बजे किसान आए और पुलिस के समझाने पर 11 बजे के बाद गाजियाबाद की ओर लौटे। इस दौरान डीएमई पर खोड़ा तक वाहनों की कतार लग गई। वहीं जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर जारी चेकिंग के कारण सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक NH-9 पर भी जाम लगा रहा।

दरअसल भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में मंगलवार को दिल्ली के किसान घाट पर एक महापंचायत बुलाई गई है। देश बचाओ मोर्चा और किसान मजदूर मोर्चा के बैनर तले होने वाली इस महापंचायत में शामिल होने के लिए गाजियाबाद से भी कई किसान नेता कारों में सवार होकर जा रहे थे। डीएमई पर यूपी गेट के पास पुलिस ने इनका काफिला रुकवा लिया।

इस दौरान 8-9 कारों में करीब 40 से अधिक किसान नेता बैठे थे, जो भारतीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले महापंचायत में जा रहे थे। पुलिस के रोकने पर वे सभी बाहर आ गए। पुलिस ने दिल्ली जाने से इंकार किया तो सभी आक्रोशित हो गए और डीएमई पर ही धरना देकर बैठ गए। इस कारण डीएमई पर जाम लग गया।

काफी देर तक मान-मनौव्वल के बाद किसान नेता हटने को राजी हो गए। करीब सवा 11 बजे सभी लोग यू-टर्न लेकर गाजियाबाद की ओर लौट गए। हालांकि इसके बाद भी काफी देर तक जाम लगा रहा।

इसके अलावा दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे लोगों को रोकने के लिए मंगलवार को भी पुलिस ने यूपी गेट पर चेकिंग की। जिसके चलते एनएच-9 पर और डीएमई पर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण सुबह जाम लग गया। ढाई घंटे तक यूपी गेट से वाहन रेंग-रेंगकर निकलते रहे।

इस बारे में जानकारी देते हुए सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि सभी को समझाबुझाकर वापस भेज दिया था। इस कारण कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ था। किसानों को हटाकर तुरंत यातायात सामान्य करा दिया था। वहीं चेकिंग के कारण कुछ देर के लिए यातायात की गति धीमी रही। इसके बाद जाम की स्थिति नहीं रही। दोपहर 12 बजे से यातायात सुचारू रहा।








कोई टिप्पणी नहीं