राजधानी दिल्ली में मानसून आने के बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए गर्मी और उमस को लेकर...
राजधानी दिल्ली में मानसून आने के बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए गर्मी और उमस को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। साथ ही हवा में नमी का स्तर 50 फीसदी से ज्यादा रहने के कारण लोगों को असहज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
दिल्ली में मानसून पांच दिन की देरी से पहुंचा था, लेकिन इसके बाद भी बारिश की गतिविधियां उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ पाईं। पिछले पांच दिनों से राजधानी में अच्छी मानसूनी बारिश दर्ज नहीं की गई है। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई, लेकिन इससे मौसम में ठंडक आने के बजाय उमस बढ़ गई है। बुधवार सुबह कई इलाकों में हल्के बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकल आई, जिससे पारा तेजी से बढ़ा।
दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में बुधवार को अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा था। वहीं, न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। यहां आर्द्रता का स्तर 48 से 71 फीसदी के बीच दर्ज किया गया।
46 डिग्री जैसी गर्मी महसूस हुई
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार शाम साढ़े पांच बजे तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस था। इस दौरान हवा की गति 9.3 किलोमीटर प्रति घंटे और आर्द्रता 48 फीसदी रही। इन परिस्थितियों के कारण लोगों को महसूस होने वाली गर्मी यानी फील लाइक तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
उमस बढ़ने का अंदेशा
मौसम विभाग ने दिल्ली में हॉट एंड ह्यूमिड कंडीशन (उमस बढ़ने) की संभावना जताई है। ऐसी स्थिति में तापमान सामान्य से अधिक और नमी का स्तर भी ज्यादा रहता है, जिससे शरीर को गर्मी ज्यादा महसूस होती है। विभाग के अनुसार, गुरुवार को भी दिल्लीवासियों को ऐसी ही परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
बारिश का इंतजार बढ़ा
अच्छी बारिश के लिए करीब एक सप्ताह इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार और रविवार को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पारे में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है।
वायु गुणवत्ता में सुधार
दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिलहाल संतोषजनक बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, बुधवार को राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 136 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। मंगलवार के मुकाबले इसमें 36 अंकों का सुधार हुआ है। अगले दो दिनों तक दिल्ली की हवा मध्यम श्रेणी में रहने का अनुमान है।

कोई टिप्पणी नहीं