दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) भले ही अपनी अपेक्षा के मुताबिक भीड़ नहीं जुटा पा रही है, लेकिन बड...
दिल्ली के जंतर-मंतर पर 20 जून से प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) भले ही अपनी अपेक्षा के मुताबिक भीड़ नहीं जुटा पा रही है, लेकिन बड़ी संख्या में यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स वहां अपने लिए वायरल वीडियो बनाने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच एक यूट्यूबर ने अपने वीडियो में ऐसी आपत्तिजनक बात कह दी, जिसको की वजह से कई लोग दिल्ली पुलिस से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अभिजीत दीपके के प्रति समर्थन जाहिर करते हुए यह शख्स पूरे 'दिल्ली-एनसीआर में आग' लगाने की धमकी दे रहा है। फिलहाल उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर 15 सेकेंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात है कि चंद सेकेंड के लिए इसमें अभिजीत दीपके भी दिखते हैं। सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड करने वाला शख्स दीपके के कंधे पर हाथ रखकर अपनी बात कहना चाहता है, लेकिन उसकी विवादित टिप्पणी से पहले ही दीपके वहां से चले जाते हैं। वीडियो बनाने वाला कहता है, 'तो ग्रेटर नोएडा के मेरे जितने भी भाई देख रहे हैं ना (इतना सुनते ही दीपके और उनके साथी चले जाते हैं)... तो भाई देख लो कोई दिक्कत ना हो कैसी भी, फुल सपोर्ट है तन-मन-धन से। पूरे दिल्ली-एनसीआर आग लगा देंगे अगर भाई पर बात आ गई तो।'
दिल्ली पुलिस से ऐक्शन की मांग
इस वीडियो को शेयर करते हुए कई लोगों ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की और ऐक्शन लेने की मांग की है। हालांकि, अभी पुलिस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है और ना ही वीडियो बनाने वाले की पहचान स्पष्ट हुई है। हालांकि, कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्य लगातार इस बात को दोहराते रहे हैं कि उनका यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसक है। वह प्रदर्शन में आने वाले लोगों से कानून का पालन करने की अपील करते रहे हैं।
पत्रकारों और यूट्यूबर्स की बढ़ी भीड़
18 दिनों से अनशन कर रहे सोनम वांगचुक की अब सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है। इसके बाद पत्रकारों और यूट्यूबर्स की भीड़ जंतर-मंतर पर बढ़ गई है। कई लोग अभिजीत दीपके का इंटरव्यू ले रहे हैं तो कई वांगचुक से बातचीत करना चाहते हैं। सीजेपी के प्रवक्ता भी मीडिया के कैमरों से घिरे रहते हैं। यूट्यूबर्स की भी बड़ी संख्या यहां दिखती है।यहां तक कि कुछ फूड ब्लॉगर भी यहां बांटे जा रहे खाने पर ही वीडियो बना रहे हैं। उन्हें लगता है कि चर्चा में होने की वजह से जंतर-मंतर का उनका वीडियो ज्यादा व्यू बटोर सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं