नई दिल्ली, 27 जुलाई 2026 : राजधानी के व्यस्त आईटीओ चौराहे पर दिल्ली पुलिस के ट्रैफिक इंस्पेक्टर गोपाल बैंसला ने तत्परता और मानवीय संवेदनशी...
नई दिल्ली, 27 जुलाई 2026 : राजधानी के व्यस्त आईटीओ चौराहे पर दिल्ली पुलिस के ट्रैफिक इंस्पेक्टर गोपाल बैंसला ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क पर अचानक गिरे एक अधिवक्ता की जान बचा ली। पटियाला हाउस कोर्ट के अधिवक्ता नवनीत कुमार बाइक से अदालत जा रहे थे, तभी आईटीओ रेड लाइट पर उन्हें सीने में तेज दर्द उठा और वह सड़क पर गिर पड़े।
मौके पर मौजूद ट्रैफिक इंस्पेक्टर गोपाल बैंसला ने बिना समय गंवाए अधिवक्ता का हेलमेट उतारकर उनकी स्थिति का आकलन किया और तुरंत सीपीआर देना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उनकी सांसें सामान्य होने लगीं। इसके बाद इंस्पेक्टर बैंसला उन्हें तत्काल अपनी सरकारी गाड़ी से लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
डॉक्टरों के अनुसार, समय रहते सीपीआर मिलने और तत्काल अस्पताल पहुंचाए जाने से अधिवक्ता की जान बच सकी। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार है और वह खतरे से बाहर बताए गए हैं।
इस घटना ने दिल्ली पुलिस के मानवीय और संवेदनशील स्वरूप को एक बार फिर सामने रखा है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर गोपाल बैंसला की त्वरित कार्रवाई और कर्तव्यनिष्ठा की लोगों ने सराहना करते हुए इसे संकट की घड़ी में पुलिस की सेवा भावना का प्रेरक उदाहरण बताया।

कोई टिप्पणी नहीं