दिल्ली एनसीआर में मानसून के आगमन के साथ ही अब बारिश का दौर भी शुरू हो गया है. दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फरिदाबाद समेत आसपास के इलाकों में...
दिल्ली एनसीआर में मानसून के आगमन के साथ ही अब बारिश का दौर भी शुरू हो गया है. दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और फरिदाबाद समेत आसपास के इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है. मंगलवार की सुपह से ही एनसीआर में बादलों ने डेरा जमाया हुआ था. मौसम विभाग ने भी अगले 4 दिनों के बारिश का अलर्ट जारी किया है. तेज बारिश से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली. बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं. मानसून की सक्रियता के चलते मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल सकता है.
आईएमडी ने दिल्ली के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. विभाग के अनुसार, दिनभर आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होने की संभावना है. अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
तापमान में रहेगी गिरावट, उमस से राहत
बारिश के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रहने का अनुमान है. लगातार बादल छाए रहने और बारिश होने से उमस में भी कमी आएगी. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक लोगों को भीषण गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
प्रशासन और लोगों के लिए सावधानी की सलाह
बारिश को देखते हुए लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने, ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है. वहीं, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए खुले स्थानों पर सतर्क रहने की अपील भी की गई है.
कितना रहा तापमान?
दिल्ली में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.1 डिग्री अधिक है. दो जुलाई, 2024 के बाद यह इस महीने का अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रहा. तब शहर में न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

कोई टिप्पणी नहीं