Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इटावा को 604 करोड़ की 128 विकास परियोजनाओं की दी सौगात

इटावा, 26 जुलाई 2026 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इटावा पहुंचकर जनपद को 604 करोड़ रुपये की लागत वाली 128 विकास परियोजनाओं की सौ...



इटावा, 26 जुलाई 2026 : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को इटावा पहुंचकर जनपद को 604 करोड़ रुपये की लागत वाली 128 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के साथ विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को चाबी, प्रमाण पत्र, चेक, कैशलेस चिकित्सा कार्ड और टूलकिट वितरित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इटावा अब भय और दहशत की नहीं, बल्कि विकास, सुरक्षा और सम्मान की नई पहचान बन रहा है।



मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत जनपद के 540 गांवों में करीब एक हजार करोड़ रुपये की लागत से कार्य चल रहा है, जिससे 2.35 लाख से अधिक परिवारों को हर घर नल योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने सैफई ग्रामीण आयुर्विज्ञान संस्थान में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक एवं गायनी ब्लॉक, चंबल नदी पर सिग्नेचर ब्रिज, इटावा-कन्नौज और इटावा-करहल मार्ग के विकास सहित विभिन्न परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।



मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर अग्रसर है।



कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग की संध्या पाल को ट्रैक्टर की चाबी, मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड योजना के तहत लाभार्थियों को चिकित्सा कार्ड, स्वयं सहायता समूहों को ई-रिक्शा के लिए डेमो चेक, मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थी को आवास की चाबी तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना एवं अन्य योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को चेक, टूलकिट और स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।



इस अवसर पर प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य, पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया, विधायक सरिता भदौरिया, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।









 

कोई टिप्पणी नहीं