भरथना/इटावा, 26 जुलाई 2026 : कस्बा स्थित गली गोदाम के आर्य समाज मंदिर में रविवार को साप्ताहिक वैदिक यज्ञ श्रद्धा एवं वैदिक विधि-विधान के स...
भरथना/इटावा, 26 जुलाई 2026 : कस्बा स्थित गली गोदाम के आर्य समाज मंदिर में रविवार को साप्ताहिक वैदिक यज्ञ श्रद्धा एवं वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। यज्ञ का संचालन सतेंद्र आर्य एवं पंडित राजेश आर्य ने किया। श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित कर विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि और समाज के कल्याण की कामना की।
यज्ञ के उपरांत प्रवचन करते हुए पंडित राजेश आर्य ने कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित, संस्कारवान और सकारात्मक बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित यज्ञ से वातावरण की शुद्धि के साथ मन, वचन और कर्म की पवित्रता भी बढ़ती है। समाज में प्रेम, सद्भाव और नैतिक मूल्यों की स्थापना के लिए वैदिक परंपराओं का पालन आवश्यक है।
सतेंद्र आर्य ने कहा कि आर्य समाज वैदिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार एवं सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने लोगों से साप्ताहिक यज्ञ में सहभागिता कर वैदिक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर ओमप्रकाश आर्य, अजय आर्य, नंदकिशोर आर्य, निर्मला आर्या, उषा आर्या, रेखा आर्या, मोहन आर्य, वैभव आर्य, लक्ष्य आर्य, हर्षित आर्य, कृष्णा आर्य, रामजी आर्य सहित अनेक आर्यबंधु एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं