राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में हल्की बारिश भी हो रही है। मंगलवार को भी दिनभर बादल छाए रहे और राजधा...
राजधानी दिल्ली में बुधवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में हल्की बारिश भी हो रही है। मंगलवार को भी दिनभर बादल छाए रहे और राजधानी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सफदरजंग में 10.6 मिमी, पालम में 15 मिमी, लोधी रोड में 12.2 मिमी, रिज में 18.6 मिमी और आयानगर में 17.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। मंगलवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच पालम में 9.6 मिमी, सफदरजंग में 0.6 मिमी, लोधी रोड में 0.8 मिमी और आयानगर में 17.7 मिमी बारिश हुई, जबकि रिज में बहुत कम बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के अनुसार, बुधवार को भी मौसम के हालात ऐसे ही रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पूरे शहर में दिन का तापमान सामान्य से काफी कम रहा। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम था। पालम में 30.7 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 4.2 डिग्री कम), लोधी रोड में 31.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.9 डिग्री कम), रिज में 30.9 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.1 डिग्री कम) और आयानगर में 29.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 5.4 डिग्री कम) दर्ज किया गया।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
ज़्यादातर स्टेशनों पर न्यूनतम तापमान भी सामान्य से कम रहा। सफदरजंग में 25.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम था। पालम में 23.6 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.3 डिग्री कम), लोधी रोड में 25 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1 डिग्री कम), रिज में 22.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 3.9 डिग्री कम) और आयानगर में 25.8 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.6 डिग्री कम) तापमान दर्ज किया गया।
संतोषजनक रहा AQI
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, मंगलवार शाम 4 बजे दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 69 था। सीपीसीबी के अनुसार, 51 से 100 के बीच AQI को 'संतोषजनक' माना जाता है, जबकि 0-50 को 'अच्छा', 101-200 को 'मध्यम', 201-300 को 'खराब', 301-400 को 'बहुत खराब' और 401-500 को 'गंभीर' श्रेणी में रखा जाता है।
जलभराव रोकने के लिए समन्वय समिति बनीं
जलभराव की समस्या का समाधान करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर 13 जिलों में जिला स्तरीय समन्वय समितियों का गठन किया गया है। इसमें नगर निगम के उपायुक्त, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता, दिल्ली जल बोर्ड और दिल्ली विकास प्राधिकरण के संबंधित कार्यकारी अभियंता तथा संबंधित जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) शामिल होंगे।

कोई टिप्पणी नहीं