भरथना/इटावा, 07 फरवरी 2026 : तहसील भरथना में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमे...
भरथना/इटावा, 07 फरवरी 2026 : तहसील भरथना में जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में फरियादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान मिशन पंजीकरण के तहत सात लोगों को जन्म प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
समाधान दिवस में कस्बा के मोहल्ला पूर्वी मोतीगंज निवासी पुनीत पोरवाल व त्रिलोकी पोरवाल ने मोहल्ले में सड़क निर्माण की मांग को लेकर संयुक्त प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों से सड़क निर्माण के लिए शिकायत कर रहे हैं, लेकिन नगर पालिका हर बार बजट का हवाला देकर मामले को टाल देती है। वहीं मोहल्ला महावीर नगर निवासी शालिनी देवी ने पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र गायब किए जाने की शिकायत की।
इसके अलावा बिरौंधी गांव की ज्योत्सना ने एक माह का बिजली बिल 17 हजार रुपये गलत तरीके से भेजे जाने की शिकायत दर्ज कराई। कांशीराम कॉलोनी की सुधा तिवारी ने बीमार बेटे के इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड बनवाए जाने का अनुरोध किया। नगला छोटे निवासी ताले सिंह ने निजी भूमि पर कब्जा रोकने पर विपक्षी द्वारा धारदार हथियार से हमला किए जाने की शिकायत रखी। इन मामलों सहित कुल 26 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे कर्मचारियों के साथ मौके पर जाकर शिकायतकर्ता का पक्ष सुनें और समस्याओं का समाधान कराएं। साथ ही मामलों की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कुल 26 शिकायतों में से चार का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष को संबंधित अधिकारियों को सौंपकर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। सर्वाधिक शिकायतें भूमि विवाद से जुड़ी रहीं।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की और थानाध्यक्षों को प्रत्येक मामले में मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी काव्या सी., पुलिस क्षेत्राधिकारी राम दवन मौर्य, तहसीलदार दिलीप कुमार, खंड विकास अधिकारी विजय शंकर प्रसाद, वन विभाग रेंजर एच.यू. खान सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं