भरथना/इटावा, 10 जनवरी 2026 : भरथना थाना समाधान दिवस के दौरान एक भावुक दृश्य उस समय सामने आया जब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला अपने मानसिक रूप से...
भरथना/इटावा, 10 जनवरी 2026 : भरथना थाना समाधान दिवस के दौरान एक भावुक दृश्य उस समय सामने आया जब 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला अपने मानसिक रूप से बीमार बेटे के इलाज की गुहार लेकर थाना परिसर पहुँची। नगला गुदे स्थित कांशीराम कॉलोनी निवासी सुधा तिवारी ने उपजिलाधिकारी काव्या सी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में पुलिस क्षेत्राधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए बताया कि उनका पुत्र पंकज मानसिक रूप से अस्वस्थ है और सैफई पीजीआई में उसका इलाज चल रहा है। बेटे की बीमारी के कारण परिवार की आजीविका पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है और आय का कोई साधन नहीं बचा है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड और अन्त्योदय राशन कार्ड बनवाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाए जाने की मांग रखी। महिला की स्थिति को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह ने संबंधित विभागों को प्रार्थना पत्र अग्रसारित कर शीघ्र सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। समाधान दिवस में कुल पांच शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अन्य शिकायतों में जमीन पर अवैध कब्जा, गाली-गलौज, दहेज उत्पीड़न और सार्वजनिक अपमान से जुड़े मामले शामिल रहे। समाधान दिवस में अपराध निरीक्षक अरिमर्दन सिंह, उपनिरीक्षक इदु हसन, भगवान सिंह, कोमल चौधरी सहित राजस्व कर्मी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





कोई टिप्पणी नहीं