दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछले दिनों खुद पर हुए हमले के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से शुक्रवार को गांधी नगर में एक कार्यक्रम में...
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पिछले दिनों खुद पर हुए हमले के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से शुक्रवार को गांधी नगर में एक कार्यक्रम में शिरकत की। रेखा गुप्ता ने गांधी नगर थोक बाजार द्वारा आयोजित ‘ओपन मार्केट गॉरमेंट शो-वस्त्रिका’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जब तक दिल्ली वीलों को उनके अधिकार नहीं मिलेंगे, मैं संघर्ष करती रहूंगी।
उन्होंने स्थानीय विधायक अरविंदर सिंह लवली को यमुना पार विकास बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाती हूं कि आपकी मुख्यमंत्री दीदी न डरेंगी, न थकेंगी, न हारेंगी। जब तक दिल्ली को उसका अधिकार नहीं मिल जाता, वो आपके साथ लड़ती रहेंगी। आपके लिए निरंतर लड़ते रहना मेरा प्रण है।
अरविंदर सिंह लवली को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा, वह दिल्ली सरकार में शीर्ष पदों पर रहे हैं, लेकिन बिना किसी छिपे एजेंडे के, सिर्फ विकास के लिए भाजपा में शामिल हुए। वह गांधी नगर के मुख्यमंत्री जैसे हैं। उन्होंने दिल्ली के विकास की शपथ ली है। लवली यमुना पार विकास बोर्ड के अध्यक्ष होंगे। मुख्यमंत्री ने लवली और पूर्वी दिल्ली के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा से क्षेत्र के विकास के लिए बजट का प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा। उन्होंने कहा, मैं आज बजट स्वीकृत कर रही हूं। आप बस बजट अनुमानों के साथ एक फाइल तैयार कर लीजिए।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार सभी डीटीसी बसों के लिए रूट मैपिंग शुरू कर रही है और इसकी शुरुआत यमुना पार से होगी। उन्होंने कहा, हम मार्गों को ठीक कर देंगे। हर इलाके में पर्याप्त बसें चलेंगी।
कार्यक्रम में घुसा शख्स, की नारेबाजी
इसी कार्यक्रम के दौरान एक बड़ी घटना भी हुई। प्रवीण शर्मा नाम का शख्स अचानक कार्यक्रम में घुस गया और अरविंदर सिंह लवली के खिलाफ नारेबाजी करने लगा। हालांकि पुलिस ने उसे सही समय पर पकड़ लिया और वहां से हटा दिया। उसका कहना था कि वह सीएम रेखा गुप्ता तक अपनी आवाज पहुंचाना चाहता था। इससे पहले एक जनसुनवाई में सीएम रेखा गुप्ता पर हमला हुआ था। जानकारी के मुताबिक आरोपी डॉग लवर था और आवारा कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के पहले दिए गए आदेश से नाराज था।
ليست هناك تعليقات