ग्रेटर नोएडा में कथित दहेज की मांग को लेकर जिंदा जलाई गई निक्की भाटी की हत्या के मामले की जांच के बीच पड़ोसियों ने दावा किया है कि निक्की ...
ग्रेटर नोएडा में कथित दहेज की मांग को लेकर जिंदा जलाई गई निक्की भाटी की हत्या के मामले की जांच के बीच पड़ोसियों ने दावा किया है कि निक्की और उसकी बहन कंचन की सोशल मीडिया और रील्स की गतिविधियों को लेकर भी भाटी परिवार में विवाद था। सिरसा गांव के निवासियों ने आरोप लगाया कि एक ही परिवार में विवाहित दोनों बहनें अपने घर में ब्यूटी पार्लर चलाती थीं और इंस्टाग्राम पर एक्टिव थीं।
दोनों बहने बनाती थीं रील
इस घटना में स्थानीय लोगों का दावा है कि दोनों बहनें ‘मेकओवर’ से जुड़ी रील पोस्ट करती थीं। इस पर उनके पति विपिन और रोहित भाटी आपत्ति जताते थे। पड़ोस में रहने वाले एक शख्स ने कहा कि वे दोनों (निक्की और कंचन) मेकओवर से संबंधित रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करती थीं। रोहित और विपिन दोनों को यह पसंद नहीं था। दोनों ही रील बनाने का विरोध करते थे।
रील बनाने पर हुआ था झगड़ा, पंचायत भी हुई
स्थानीय निवासी ऋषभ ने रील बनाने को लेकर 11 मार्च को बहनों और उनके पतियों के बीच हुए झगड़े का जिक्र करते हुए कहा कि झगड़ा हुआ था। इसके बाद दोनों बहनें अपने घर चली गईं लेकिन पंचायत के फैसले के बाद वे 18 मार्च को अपने ससुराल वापस आ गईं। एक अन्य पड़ोसी ने कहा कि पंचायत में फैसला हुआ कि दोनों बहनें भविष्य में रील नहीं बनाएंगी।
कुछ दिन पंचायत के फैसले का किया पालन
पड़ोसी के दावे के मुताबिक, यह समझौता कुछ दिन तक चला लेकिन उन्होंने फिर से रील बनाना शुरू कर दिया। यही उनके बीच विवाद का कारण बना। स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया कि विपिन किराने की दुकान चलाने में अपने पिता की मदद करता था। वहीं रोहित कारोबार करता था। परिवार के पास खेती की जमीन थी। हालांकि निक्की के परिवार ने इन दावों को खारिज कर दिया।
निक्की के पिता बोले- दहेज ही मुख्य वजह
निक्की के परिवार ने आरोप लगाया कि उसकी हत्या केवल दहेज के कारण की गई है। निक्की के पिता भिकारी सिंह ने कहा कि उनकी बेटी की हत्या के पीछे दहेज ही मुख्य कारण था। उन्होंने इस बात को खारिज किया कि सोशल मीडिया पर निक्की की मौजूदगी या ब्यूटी पार्लर की गतिविधियों के कारण विवाद हुआ। निक्की के पैतृक गांव रूपबास में पड़ोसियों ने विपिन और उसके रिश्तेदारों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया।
कड़ी सजा की मांग
निक्की के छोटे भाई अतुल ने आरोपियों के लिए कड़ी सजा की मांग की। अतुल ने कहा कि उन्हें (निक्की के ससुराल पक्ष के लोगों को) कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि दूसरों को एक संदेश मिले। रील बनाना या ब्यूटी पार्लर चलाना कोई विवाद का विषय नहीं था क्योंकि वह घर की तीसरी मंजिल पर इसे चलाती थीं। अगर उन्होंने कुछ नहीं किया था तो पड़ोसियों द्वारा उसे अस्पताल ले जाए जाने के बाद वे भाग क्यों गए?
विपिन को ‘कोई अफसोस’ नहीं
निक्की के एक और भाई ने आरोप लगाया कि भागने की कोशिश के दौरान पुलिस द्वारा पैर में गोली मारे जाने के बाद भी विपिन को ‘कोई अफसोस’ नहीं हुआ। उसके हाव-भाव चौंकाने वाले थे। आरोप है कि निक्की को बृहस्पतिवार रात उसके पति और ससुराल वालों ने कथित तौर पर पीटा और फिर जिंदा जला दिया।
ليست هناك تعليقات