Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

पति ने साधु के वेश में घर आकर की पत्नी की हथौड़े से हत्या, 10 साल से रह रहे थे अलग

  दक्षिणी दिल्ली के नेब सराय इलाके में 50 वर्षीय एक महिला की उसके अलग रह रहे पति ने हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी पति साधु के वेश म...

 


दक्षिणी दिल्ली के नेब सराय इलाके में 50 वर्षीय एक महिला की उसके अलग रह रहे पति ने हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी पति साधु के वेश में घर में आया था। मृतक महिला किरण झा एक केयरटेकर के रूप में काम करती थी। घरेलू हिंसा के कारण किरण पिछले 10 सालों से अपने पति से अलग रह रही थी। पुलिस ने बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी प्रमोद झा उर्फ पप्पू (60) ने बुधवार तड़के अपनी पत्नी किरण झा पर उनके घर के अंदर हमला किया। पुलिस ने इसे प्री प्लान्ड अटैक बताया है।

डीसीपी (साउथ) अंकित चौहान ने बताया कि किरण को उसकी बहू ने सुबह करीब 4 बजे खून से लथपथ पाया। डीसीपी ने कहा कि आरोपी अपनी पत्नी से लगभग एक दशक से अलग रह रहा था और 1 अगस्त को ही बिहार के मुंगेर जिले में स्थित अपने पैतृक गांव से दिल्ली आया था। बताया जा रहा है कि उसने अपने परिवारवालों को गुमराह करने और घर में घुसने के लिए साधु का वेश धारण किया था।

बेटे-बहू के साथ रहती थी महिला


अधिकारी ने बताया कि मृतका किरण झा अपने बेटे दुर्गेश, बहू कमल झा और पोती के साथ नेब सराय में रहती थी। दुर्गेश बिहार के दरभंगा में एक माइक्रोफाइनेंस कंपनी में काम करता है।

 

डीसीपी ने बातया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी के पास आय का कोई साधन नहीं था और उसने अपनी पैतृक संपत्ति भी बेच दी थी। वह अपनी पत्नी पर बिहार लौटकर पैसा कमाने का दबाव बना रहा था, जिसे उसने अस्वीकार कर दिया था।


किरण की बेटी रोमा ने बताया, आरोपी ने उसकी मां के साथ शारीरिक दुर्व्यवहार किया, जिसके कारण किरण को उसे छोड़कर दिल्ली में नए सिरे से जीवन शुरू करना पड़ा। रोमा ने पुलिस को बताया कि परिवार लगभग दो महीने पहले एक अंतिम संस्कार के लिए बिहार गया था, जहां प्रमोद ने सुधरने और हिंसा छोड़ने का नाटक किया था।

 

मां ने बिहार जाने से कर दिया था इनकार : बेटी


रोमा ने आरोप लगाया, "मंगलवार और बुधवार की रात को उसने मेरी मां की हत्या कर दी, क्योंकि उन्होंने फिर से उसके साथ बिहार जाने से इनकार कर दिया था।"


पुलिस ने बताया कि किरण के कमरे से एक हथौड़ा बरामद हुआ है, जिसके बारे में माना जा रहा है कि हत्या में इसी का इस्तेमाल किया गया था।


घर के सामने लगे दिल्ली सरकार के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में प्रमोद को रात 12.50 बजे कपड़े बदलने के बाद घर से बाहर निकलते हुए देखा गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

 

डीसीपी ने कहा, "उसकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस की टीमें रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर भेजी गई हैं। हम आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए कई सुरागों पर काम कर रहे हैं।"




ليست هناك تعليقات