दिल्ली पुलिस ने मेरठ से दो फर्जी बाबाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी 'बुरा साया' बता कर लोगों से ठगी करते थे। मध्य जिला पुलिस क...
दिल्ली पुलिस ने मेरठ से दो फर्जी बाबाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी 'बुरा साया' बता कर लोगों से ठगी करते थे। मध्य जिला पुलिस की साइबर यूनिट ने इन फर्जी बाबाओं को गिरफ्तार किया। इन पर आरोप है कि इन्होंने 'नकारात्मक ऊर्जा' के नाम पर महिला से 37 हजार रुपयों की ठगी की। पीड़िता की ओर से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों का पता लगाया। फिर इन्हें यूपी के मेरठ से दबोच लिया गया।
जांच में जुटी पुलिस टीम बैंक खाते की छानबीन कर के यह पता लगा रही है कि आरोपियों ने अब तक कितने लोगों के साथ ठगी की है। पुलिस की ओर से साझा की गई जानकारी में कहा गया है कि बीते 25 मई को दिल्ली के पटेल नगर की निवासी महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके साथ एक धोखेबाज 'बाबा' ने ठगी की है। आरोपी ने व्यक्तिगत समस्याओं का समाधान करने का वादा कर के पीड़ित को अपने जाल में फंसाया।
आरोपी ने महिला को बताया कि उसके घर में एक बुरा साया है। इसे काले साए को भगाने के लिए उसको एक बड़ा अनुष्ठान करना होगा। इस तरह से आरोपी ने महिला से 37 हजार की रकम ले ली। आरोपी यहीं नहीं रुका उसने महिला से दोबारा फैसों की मांग की। इस पर महिला ने और पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी बाबा ने महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पीड़िता ने आरोपी की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर मध्य जिला के साइबर पुलिस यूनिट को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस एक्टिव हुई और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच टीम ने आरोपी की कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल फुटप्रिंट और बैंक लेनदेन की छानबीन की और आरोपियों का पता लगा लिया। इसके बाद एक टीम यूपी के मेरठ रवाना हुई। 24 जुलाई को मेरठ के लिसाड़ी रोड स्थित जफर गार्डन से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान मोहम्मद नजीर (41) और मोहम्मद राजा खान (30) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ठगी के लिए बाकायदा फर्जी इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल बनाकर खुद को सिद्ध बाबा के रूप में प्रचारित किया। आरोपी घरों में बुरा साया दूर करने के नाम पर लोगों से ठगी किया करते थे। यही नहीं जब पीड़ित पैसे नहीं देते थे तो दोनों की ओर से उनको धमकियां देने के साथ ही और डराया जाता था। पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी कई खातों का इस्तेमाल करते थे।
ليست هناك تعليقات