इटावा, 5 जुलाई 2025: कांग्रेस जिला-शहर कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह ने संगठन की भीतरी कलह को उजागर कर दिया। घोषित 94 पदाधिकारियों में स...
इटावा, 5 जुलाई 2025:
कांग्रेस जिला-शहर कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह ने संगठन की भीतरी कलह को उजागर कर दिया। घोषित 94 पदाधिकारियों में से महज 45 ही कार्यक्रम स्थल पहुँचे, बाकी गैरहाज़िरी से पार्टी कार्यकर्ता हैरान रह गए। मंच पर प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर के नेता मौजूद थे, पर खाली कुर्सियाँ जिले-शहर अध्यक्षों की “कागजी कमेटी” पर सवाल खड़े करती रहीं।
वरिष्ठ कांग्रेसी दबी ज़बान में बोले कि पद बँटवारे में अनुभव व पदक्रम की अनदेखी से असंतोष पनपा—कई ब्लॉक अध्यक्षों को सचिव बना दिया गया, फ्रंटल संगठन के प्रांतीय पदाधिकारी मंत्री भर रह गए, जबकि कनिष्ठों को उपाध्यक्ष व महामंत्री तक बनाया गया। इसी नाराजी के चलते बड़ी संख्या में पदाधिकारी शपथ से दूर रहे।
कार्यकर्ताओं का तर्क है कि सूचना तंत्र भी ढीला है; दर्जनों अनौपचारिक व्हाट्सऐप ग्रुपों में चर्चा तो खूब होती है, पर आधिकारिक संदेश स्पष्ट नहीं पहुँचता। नतीजा—कई लोगों को कार्यक्रम की तिथि-समय का अंदाज़ा ही नहीं लगा।
राहुल गांधी व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के संगठन-सुधार अभियानों के बीच इटावा की यह तस्वीर नेतृत्व के लिए चेतावनी मानी जा रही है। वरिष्ठों ने जिला अध्यक्ष से साफ पूछा है: “जब शपथ पर ही भरोसा नहीं, तो 2027 तक संगठन कैसे मज़बूत होगा?”
ليست هناك تعليقات