राजधानी दिल्ली में बुधवार को भी दिन भर बादल छाए रहे और उमस से लोंगो का हाल बेहाल रहा। हालांकि लगातार पांचवें दिन मौसम विभाग द्वारा राजधानी में यलो अलर्ट जारी होने के बाद भी बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने आज भी बारिश का येलो अलर्ट जारी कर दिया है। उम्मीद जताई जा रही है कि आज दिल्ली-एनसीआर में बारिश का सिलसिला शुरू हो।
अलर्ट के बाद भी बारिश नहीं
सुबह से ही कई इलाकों में धुंध जैसी स्थिति बनी रही लेकिन किसी इलाके में बारिश दर्ज नहीं की गई। भारतीय मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया यह सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। राजधानी में आर्द्रता का अधिकतम स्तर 88 फीसद तथा न्यूनतम 73 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग द्वारा सुबह और शाम दो बार दिल्ली एनसीआर और अन्य क्षेत्रों में बारिश का अलर्ट भी आया लेकिन दिल्ली के किसी हिस्से में शाम 5.30 तक बारिश दर्ज नहीं की गई।
आज भी है बारिश की संभावना
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को दिल्ली में सामान्य रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना बनी रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिल्ली में मॉनसून समय से पूर्व पहुंचने की भविष्यवाणी पहले की जा चुकी थी लेकिन फिलहाल यहां बारिश की स्थिति नहीं है। हालांकि देश में इस बार मॉनसून का आगमन समय से पहले हुआ था।
एक टिप्पणी भेजें