Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

Youths Bank Fraud Updates: नौसेना के 87 वर्षीय रिटायर्ड कर्मी के खाते से उड़ाए 29,50,892 रुपये, बुलंदशहर से दोनों आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। महंगे शौक, लग्जरी जीवनशैली और दोस्तों के साथ पार्टियां करने के लिए एक युवक ने अपने ही दादा के बैंक खाते को साफ कर दिया। दिल्ली ...

नई दिल्ली। महंगे शौक, लग्जरी जीवनशैली और दोस्तों के साथ पार्टियां करने के लिए एक युवक ने अपने ही दादा के बैंक खाते को साफ कर दिया। दिल्ली में भारतीय नौसेना के 87 वर्षीय सेवानिवृत्त कर्मचारी के बैंक खाते से 29.50 लाख रुपये से अधिक की रकम अवैध रूप से निकालने के आरोप में उनके पोते समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इस मामले की जानकारी देते हुए पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) राजीव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुलंदशहर निवासी अभिषेक राघव (22) और तुषार चौधरी (22) के रूप में हुई है। अभिषेक पीड़ित का पोता और शिकायतकर्ता का बेटा है, जबकि तुषार उसका दोस्त है। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अश्विनी राघव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच उनके 87 वर्षीय पिता जगदीश सिंह के बैंक खाते से धोखाधड़ी कर पैसे निकाले गए। जांच में खाते से कुल 29,50,892 रुपये निकाले जाने का खुलासा हुआ।

📱 दादा के बैंक खाते से जुड़ा था पोते का मोबाइल नंबर

मामले का खुलासा करते हुए डीसीपी ने बताया कि बैंक खातों के विवरण और वित्तीय लेनदेन का विश्लेषण करने पर सामने आया कि ठगी की रकम में से 9,26,892 रुपये अभिषेक के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक खाते में और 20,24,000 रुपये तुषार के पंजाब नेशनल बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पता चला कि अभिषेक का मोबाइल नंबर उसके दादा के बैंक खाते से जुड़ा हुआ था और उसने बैंक खाते से जुड़े विवरणों का कथित तौर पर दुरुपयोग कर अपने साथी तुषार के साथ मिलकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

🚓 दोस्त के साथ आरोपी पोता गिरफ्तार, कार और फोन जब्त

पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी राजीव कुमार के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने ठगी की रकम से मनाली, नैनीताल और ओडिशा की यात्राएं कीं तथा नोएडा में दोस्तों के साथ पार्टियां करने और अन्य निजी शौक पर पैसे खर्च किए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने ठगी की रकम से 2.75 लाख रुपये में एक कार भी खरीदी और उसमें 1.25 लाख रुपये का म्यूजिक सिस्टम लगवाया।

अधिकारी ने बताया कि खरीदी गई कार को जब्त कर लिया गया है और आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है। पुलिस शेष रकम का पता लगाने और इस मामले में अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।






 

कोई टिप्पणी नहीं