नई दिल्ली। दिल्ली में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन 'चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री' (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कांग्रेस...
नई दिल्ली। दिल्ली में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन 'चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री' (CTI) के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को एक विस्तृत पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित 10 लाख लोगों की महारैली को दिवाली के पीक शॉपिंग सीजन के बाद शिफ्ट करने का आग्रह किया है। CTI ने इस पत्र की प्रति कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भी भेजी है और सहयोगी दलों से चर्चा कर बीच का रास्ता निकालने की अपील की है। व्यापारियों का कहना है कि पीक त्योहारी सीजन में इतनी बड़ी रैली से चांदनी चौक, सदर बाजार, करोल बाग और खारी बावली समेत पुरानी दिल्ली के 20 प्रमुख बाजारों का कारोबार बुरी तरह प्रभावित होगा।
🚗 10 हजार करोड़ रुपये के नुकसान और भारी ट्रैफिक जाम की आशंका: बुराड़ी ग्राउंड या जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शिफ्ट करने का सुझाव
CTI चेयरमैन बृजेश गोयल के अनुसार, रैली में अनुमानित 10 लाख लोगों के साथ 15,000 से 20,000 वाहनों का काफिला (बसें, मिनी बसें और कारें) दिल्ली में प्रवेश करेगा। रामलीला मैदान के आसपास 200 गाड़ियों की भी अधिकृत पार्किंग क्षमता नहीं है और संकरी गलियों में गाड़ियां फंसने से पूरी सेंट्रल और पुरानी दिल्ली थम जाएगी। संगठन ने चेताया है कि यदि 1 नवंबर को रैली हुई तो व्यापारियों को करीब 10,000 करोड़ रुपये का सीधा व्यापारिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी के मद्देनजर CTI ने मांग रखी है कि जनहित और व्यापारी हित को देखते हुए रैली को 10 नवंबर (भैया दूज) के बाद रखा जाए या फिर इसे शहर के बाहर किसी खुले स्थान जैसे बुराड़ी ग्राउंड या जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में स्थानांतरित किया जाए।

कोई टिप्पणी नहीं