नोएडा, 11 अक्टूबर 2026। श्री सनातन धर्म रामलीला समिति, नोएडा की ओर से आयोजित रामलीला का शुभारंभ रविवार को भव्य एवं भक्तिमय वातावरण में हुआ। ...
नोएडा, 11 अक्टूबर 2026। श्री सनातन धर्म रामलीला समिति, नोएडा की ओर से आयोजित रामलीला का शुभारंभ रविवार को भव्य एवं भक्तिमय वातावरण में हुआ। प्रथम दिन कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की वंदना और माता गौरा की स्तुति के साथ की गई। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला।
रामलीला के शुभारंभ अवसर पर सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, कैप्टन विकास गुप्ता, विमला बाथम, वाई.पी. सिंह, गिरीश बत्रा और मधुसूदन दादू सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर भगवान गणेश और माता पार्वती का स्मरण करते हुए रामलीला के सफल आयोजन की मंगलकामना की गई।
कार्यक्रम संयोजक मधुसूदन दादू, कार्यक्रम अध्यक्ष मुकेश शर्मा और स्वागत अध्यक्ष पीयूष द्विवेदी सहित समिति के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन में समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और धार्मिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।
समिति ने नगरवासियों से अपील की कि वे रामलीला के आगामी कार्यक्रमों में सपरिवार शामिल होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें और इस सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजन की शोभा बढ़ाएं।

कोई टिप्पणी नहीं