Page Nav

HIDE

Breaking News:

latest

नोएडा मेट्रो अपडेट: सेक्टर-142-बॉटेनिकल गार्डन रूट पर बड़ा फैसला

  नोएडा सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक आने वाली मेट्रो लाइन को रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र के बीच से नहीं निकाला जाएगा। इसको लेकर नोएडा ...

 


नोएडा सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक आने वाली मेट्रो लाइन को रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र के बीच से नहीं निकाला जाएगा। इसको लेकर नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एनएमआरसी) ने निर्माण के लिए आगे आईं एजेंसियों को निर्देश दे दिए हैं।

सेक्टर-142 के अलावा ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रूट तक मेट्रो के निर्माण के लिए 9 एजेंसियां आगे आई हैं। सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक आने वाली मेट्रो लाइन को लेकर सेक्टर-44 में रहने वाले लोगों, सेक्टर-96 और 98 के बड़े प्लॉटों के आवंटियों की तरफ से पत्र दिए गए थे। पत्र में कहा गया था कि मेट्रो स्टेशन का निर्माण आबादी या व्यावसायिक इमारत के पास न कराया जाए। इस पर एनएमआरसी ने लोगों को आश्वस्त किया है कि मेट्रो का रूट आबादी के बीच से नहीं निकलेगा। इसे सेक्टर के बाहर और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के किनारे निकाला जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि इस रूट की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है।

इन दो नए मेट्रो रूटों पर बनेंगे 10 स्टेशन

गौरतलब है कि सरकार ने हाल ही में नोएडा सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन और ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी रूट तक मेट्रो का निर्माण करने की मंजूरी दी है। ये दोनों रूट एक्वा लाइन मेट्रो का एक्सटेंशन हैं। एनएमआरसी के अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों मेट्रो लाइन पर 10 स्टेशन होंगे। यह रूट एलिवेटेड होगा। इन दोनों लाइन पर निर्माण लागत करीब 1200 करोड़ रुपये आने का अनुमान है।

सेक्टर-142 से बॉटेनिकल गार्डन तक 11.56 KM होगा रूट

अधिकारियों ने बताया कि एक्वा लाइन के सेक्टर-142 स्टेशन से ब्लू और मजेंटा लाइन के इंटरचेंज बॉटेनिकल गार्डन स्टेशन तक का मेट्रो रूट 11.56 किलोमीटर का बनेगा। ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे किनारे से गुजरने वाले इस रूट पर एनएमआरसी के बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, नोएडा ऑफिस सेक्टर-96, सेक्टर-97, सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93, और पंचशील बालक इंटर कॉलेज स्टेशन बनेंगे। वहीं ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक मेट्रो का 2.6 किलोमीटर का रूट प्रस्तावित है। मौजूदा रूट को विस्तार देने की इस परियोजना में दो नए मेट्रो स्टेशन जुनपत गांव और बोड़ाकी बनेंगे।

दो नई एलिवेटेड रोड बनाने के लिए प्रक्रिया आगे बढ़ी

वहीं, नोएडा शहर में बनने वाले दो नए एलिवेटेड रोड की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। आईआईटी ने प्राधिकरण के सीईओ के समक्ष दोनों एलिवेटेड रोड के अलॉइनमेंट को लेकर प्रेजेंटेशन दिया। एक एलिवेटेड रोड एमपी वन रास्ते पर डीएनडी के पास सेक्टर-3 से सेक्टर-60 तक बनेगा। दूसरा एलिवेटेड रोड महामाया फ्लाईओवर के पास सेक्टर-94 यमुना पुस्ते तक बनेगा। अब प्राधिकरण ने आईआईटी रुड़की से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए कह दिया है। डीपीआर तैयार होने के बाद निर्माण एजेंसी चयन को टेंडर जारी होंगे। एमपी वन रोड पर सेक्टर-18 अंडरपास के आगे सेक्टर-3 से सेक्टर-60 तक एलिवेटेड रोड बनेगा। एलिवेटेड रोड निर्माण की प्रस्तावित दूरी में अभी 6 ट्रैफिक सिग्नल हैं।

महामाया फ्लाईओवर के पास से शुरू होने वाला एलिवेटेड रोड महामाया फ्लाईओवर और दलित प्रेरणा स्थल के बीच की सड़क को पार करेगा। इसके बाद शाहदरा नाले के समानांतर जाकर ओखला पक्षी विहार मेट्रो स्टेशन के आगे से मजेंटा मेट्रो लाइन के ऊपर से बाएं मुड़कर सेक्टर-94 में गोल चक्कर के आगे यमुना पुस्ता रोड पर उतरेगा।








कोई टिप्पणी नहीं