पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र स्थित ईस्ट विनोद नगर में दिल्ली पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल ने अपनी सर्विस गन से पत्नी के जन्मदिन ...
पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र स्थित ईस्ट विनोद नगर में दिल्ली पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल ने अपनी सर्विस गन से पत्नी के जन्मदिन वाले दिन ही उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इस हत्याकांड को सोमवार तड़के स्कूटी पर साथ अस्पताल जाते वक्त हुए झगड़े के बाद बीच सड़क पर अंजाम दिया गया था। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी और पिस्टल सहित मौके से फरार हो गया। मृतका प्रियंका भाटी के पिता अजीत कुमार बैसोया की ओर से दी गई शिकायत पर हत्या और दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया गया है।
अशोक विहार के एक स्कूल में टीचर थी प्रियंका
जानकारी के अनुसार, मृतका 32 वर्षीय प्रियंका अशोक विहार के एक स्कूल में शिक्षिका थी, उसका पति मनीष भाटी दिल्ली पुलिस के पूर्वी जिले में एएटीएस में हेड कॉन्स्टेबल है। रविवार को प्रियंका का जन्मदिन था। देर रात करीब 2:55 बजे मनीष अचानक तबीयत खराब होने की बात कहकर प्रियंका को स्कूटी से एलबीएस अस्पताल ले जा रहा था। रास्ते में मेट्रो पिलर संख्या-90 के पास दोनों में विवाद हुआ।
पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज में रात 3 बजे स्कूटी रुकती हुई और 3:02 बजे प्रियंका सड़क पर गिरती दिख रही है। मनीष ने पत्नी के सीने में गोली दागी और उसे सड़क पर ही तड़पती हुई छोड़कर भाग गया। वहां से गुजर रहे एक डिलीवरी बॉय ने प्रियंका को ऑटो से अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दहेज में 50 लाख रुपये और गाड़ी की मांग
प्रियंका मूलरूप से ग्रेटर नोएडा के सादौपुर की रहने वाली थीं। फरवरी 2022 में उनकी शादी गौतमबुद्ध नगर स्थित सलेमपुर निवासी मनीष से हुई थी। मृतका के भाई नितिन ने बताया कि शादी के समय 15 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन प्रियंका ससुराल वाले 50 लाख रुपये नकद और एक लग्जरी गाड़ी की मांग कर रहे थे। इस बात को लेकर अक्सर उसे प्रताड़ित किया जाता था।
सर्विस पिस्टल अपने साथ ले जाने पर सवाल
मृतका के परिजनों ने सवाल उठाया है कि ड्यूटी खत्म होने के बाद मनीष सर्विस पिस्टल घर कैसे लाया, जबकि नियम के मुताबिक उसे मालखाने में जमा करना होता है। अस्पताल जाते समय लोडेड पिस्टल साथ ले जाना साफ इशारा करता है कि उसकी नीयत पहले से ही हत्या करने की थी।

कोई टिप्पणी नहीं