दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राजधानी को 45 नए आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों और करीब 14 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की ...
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राजधानी को 45 नए आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों और करीब 14 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान जहां उन्होंने शकूरपुर इलाके से राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों के लिए नए आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों का लोकार्पण किया, वहीं त्रिनगर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 14.25 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इनमें 13 सड़कों और एक नाले के निर्माण कार्य भी शामिल है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के उद्घाटन के साथ ही दिल्ली में 415 से ज्यादा आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर लोगों को उनके घरों के करीब गुणवत्तापूर्ण और सुलभ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिल्ली सरकार जल्द ही 1,100 से ज्यादा आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर स्थापित करने के अपने लक्ष्य को भी पूरा करेगी।
त्रिनगर को मिली 14.25 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
शकूरपुर में हुए आयोजन के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने त्रिनगर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 14.25 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इन परियोजनाओं में नेताजी सुभाष प्लेस क्षेत्र में पांच सड़कों और एक नाले के पुनर्निर्माण कार्यों की शुरुआत भी शामिल है। इसके अलावा उन्होंने सम्राट एन्क्लेव मार्केट के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ भी किया। साथ ही गुर्जर चौपाल, सैनी चौपाल एवं शकूरपुर श्मशान भूमि के विकास कार्यों का भी उद्घाटन किया।
PWD की बनाई 8 प्रमुख सड़कों का लोकार्पण भी किया
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने PWD द्वारा 6.25 करोड़ रुपए की लागत से विकसित 8 प्रमुख सड़कों, लॉरेंस रोड, महर्षि परशुराम मार्ग, परवाना रोड, G एवं H शकूरपुर रोड, एकलव्य मार्ग, तिरुवल्लुवर मार्ग, वीर हेमू समेत अन्य मार्गों का भी लोकार्पण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 'पहली बार राजधानी की हर विधानसभा में बड़े स्तर पर सड़कों, नालों, कॉलोनियों और झुग्गी-बस्तियों में तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि त्रिनगर विधानसभा वर्षों तक बुनियादी सुविधाओं के अभाव से जूझती रही, लेकिन अब क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विकास कार्य हो रहे हैं। जनता के वोट ने ऐसी सरकार को चुना है, जो सेवा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।'
शकूरपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन दिल्ली के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह केवल नए स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन नहीं, बल्कि राजधानी के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार का लक्ष्य है कि किसी भी नागरिक को सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े और लोगों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध हो।
सीएम ने बताई जन आरोग्य मंदिरों में दी जा रही सुविधाएं
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने बताया कि इन आयुष्मान जन आरोग्य मंदिरों में नागरिकों को सामान्य ओपीडी, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, नियमित टीकाकरण, गैर-संचारी रोगों की निःशुल्क जांच, आवश्यक दवाइयां, स्वास्थ्य परामर्श और लगभग 80 प्रकार की निःशुल्क जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अलावा, इन केंद्रों में बीमारी की रोकथाम, शुरुआती पहचान, समय पर उपचार और स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं